मुजफ्फरनगर के गंगनहर में डूबे किशोर का शव मिला: 36 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने बरामद किया

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खतौली के गंगनहर में लापता हुए 12 वर्षीय सुबाहन अंसारी का शव 36 घंटे बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। वह शुक्रवार को अपने दोस्तों के साथ नहाते समय नहर के तेज बहाव में बह गया था। शव मिलने के बाद परिवार में दुख का माहौल है।

यह घटना शुक्रवार दोपहर की है जब गांव शेखपुरा निवासी सुबाहन अंसारी (पुत्र रिजवान) खतौली क्षेत्र स्थित गंगनहर पुल के पास कुछ बच्चों के साथ नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।

साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। कुछ स्थानीय युवकों ने नहर में कूदकर उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सुबाहन पानी में ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों तथा रेस्क्यू टीम की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। शुक्रवार देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई सफलता नहीं मिली थी।

रविवार सुबह करीब 36 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने गंगनहर से सुबाहन का शव बरामद किया। शव मिलते ही परिजनों में गहरा दुख छा गया। बाद में गमगीन माहौल में किशोर को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। गांव शेखपुरा में भी शोक का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने गंगनहर पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल गर्मियों में गंगनहर में नहाने के दौरान ऐसे हादसे सामने आते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती।