हिमाचल 10वीं की टॉपर अनमोल को CM सुक्खू ने किया फोन, शुभकामनाएं देकर पूछा सफलता का राज

शिमला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में टॉप करने वाली कुमारी अनमोल को मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने फोन कर बधाई दी। उन्होंने अनमोल की इस शानदार उपलब्धि को पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन ने हिमाचल का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान अनमोल से उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। अनमोल ने बताया कि वह अध्यापन क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता शिक्षक हैं और माता भी पहले अध्यापिका रह चुकी हैं, ऐसे में वह भी शिक्षा के माध्यम से समाज की सेवा करना चाहती हैं।

सीएम ने पूछा सफलता का राज
सीएम ने अनमोल की सफलता का मंत्र जानने की उत्सुकता जताई, जिस पर उन्होंने बताया कि नियमितता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही। वह रोजाना पांच से छह घंटे पढ़ाई करती थीं और सुबह पांच बजे उठकर पढ़ाई शुरू करती थीं। मातृ दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने अनमोल से उनकी माता को शुभकामनाएं देने के बारे में भी पूछा। अनमोल ने बताया कि उन्होंने अपनी माता को इस खास दिन पर बधाई दी है।

निरंतर मेहनत की प्रेरणा दी
मुख्यमंत्री सुक्खू ने अनमोल को जीवन में निरंतर मेहनत करने और एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, जो न केवल परिवार बल्कि पूरे हिमाचल को देशभर में गौरवान्वित कर रहा है। साथ ही उन्होंने अनमोल के परिवार को भी इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने बेटों को बेटियों की सफलता से प्रेरणा लेने को कहा है।