छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का संकट! कई पंप सूखे, कई पर लंबी कतारें, अफसरों की तैनाती का आदेश

रायपुर: देशभर में आज (शुक्रवार) से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं. तेल की कीमतें बढ़ने से जहां जनता में नाराजगी है, वहीं कई राज्यों में तेल की किल्लत भी देखने को मिल रही है. छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल का संकट गहरा गया है. पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं. जहां तेल उपलब्ध है, वहां वाहनों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं. राजधानी रायपुर के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी लाइनें लगी हुई हैं. शहर के अधिकांश पेट्रोल पंप खाली हो चुके हैं. जहां तेल मिल रहा है, वहां भीड़ बेकाबू हो रही है. घंटों लाइन में लगने के बाद भी पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहा है. स्कूल-कॉलेज के छात्र, नौकरीपेशा समेत तमाम लोग परेशान हो रहे हैं. लोगों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. इसके बावजूद तेल नहीं मिल रहा है. काफी परेशानियां हो रही हैं. उनके रोजमर्रा के कामकाज रुक रहे हैं.

धमतरी में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो रही है. तेल की कमी और पंपों पर वाहनों की लाइनों को देखते हुए अब सरकारी अफसरों को यहां तैनात किया जाएगा. फूड इंस्पेक्टर और एसडीएम पंपों पर निगरानी रखेंगे. कलेक्टर ने पैनिक और अव्यवस्था को संभालने के लिए आदेश जारी किया है. दुर्ग में भी पेट्रोल-डीजल की कमी देखने को मिल रही है. कई पेट्रोल पंप बंद हो चुके हैं. जिनमें तेल मिल रहा है, वहां वाहनों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं. गुरुवार देर रात तक लोग पेट्रोल-डीजल भराने के लिए पंपों पर डटे रहे.

बीजापुर में भी तेल का संकट
वहीं बीजापुर में भी तेल का संकट बना हुआ है. यहां तेल लिमिट में दिया जा रहा है. घंटों लाइन में लगने के बाद पेट्रोल-डीजल मिल रहा है. गरियाबंद में पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल भराने के लिए अफरातफरी मची हुई है. सरकार की अपील का भी लोगों पर असर नहीं पड़ रहा है. लोग पैनिक होकर गाड़ियों की टंकी फुल करा रहे हैं. लोगों में तेल भराने के लिए होड़ मची हुई है.

छत्तीसगढ़ में तेल का पर्याप्त भंडारण: मुख्यमंत्री
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में तेल की किल्लत की खबरों के बीच कहा कि पैनिक न हों. पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में है. छत्तीसगढ़ में तेल का पर्याप्त भंडारण है. पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर चिंता न करें. तेल की कमी पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कहीं भी पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है. लोग पैनिक हो रहे हैं और जरूरत से ज्यादा खरीद रहे हैं. जनता से अपील है कि अफवाहों में न आएं. पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल है. दाम बढ़ोतरी पर विधायक ने कहा कि वैश्विक स्थिति को देखते हुए कुछ बढ़ोतरी हुई है. इसका बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ेगा. पेट्रोल-डीजल के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर बात का विरोध करती है. कांग्रेस लोगों को गुमराह करने की कोशिश न करे.