देहरादून-हिमाचल में फिर तबाहीः टपकेश्वर मंदिर डूबाः कई फुट मलबा, मंडी में लैंडस्लाइड, बसें बहीं

Dehradun-Himachal witnessed another devastation: Tapkeshwar temple submerged: several feet of debris, landslide in Mandi, buses washed away
Dehradun-Himachal witnessed another devastation: Tapkeshwar temple submerged: several feet of debris, landslide in Mandi, buses washed away

उत्तराखंड के देहरादून में सहस्त्रधारा के नजदीक मंगलवार सुबह 5 बजे बादल फटा। इससे तमसा नदी, कारलीगाड़ नदी, सहस्त्रधारा नदी में जलस्तर बढ़ गया।

सहस्त्रधारा समेत आसपास के इलाके तपोवन, आईटी पार्क, घंगौरा, घड़ीकैंट इलाकों में पानी भर गया। कई सड़कें बह गईं। तमसा नदी के किनारे बने टपकेश्वर महादेव मंदिर में पानी भर गया। यहां मौजूद दुकानें बह गईं। 2 लोग लापता हैं। सहस्त्रधारा में 5 लोगों को बचाया गया।

SDRF, NDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। टपकेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी ने बताया, “सुबह 5 बजे नदी में बाढ़ आई, पूरा मंदिर डूब गया, कई मूर्तियां बह गईं। हालांकि, गर्भगृह सुरक्षित है। पानी उतरने पर मंदिर में 2 फीट मलबा दिखा।”

उधर, हिमाचल के मंडी के धर्मपुर बस स्टैंड में भी रात में हुई बारिश के बाद मलबा भर गया। बाढ़ में कई बसें दूर तक बह गईं। राज्य में 3 नेशनल हाईवे बंद हैं। 493 सड़कों पर आवाजाही ठप है।

मंडी के ही निहरी में लैंडस्लाइड

मंडी के ही निहरी में लैंडस्लाइड के कारण 3 की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पास की एक चट्टान का मलबा एक घर पर गिर गया, जिससे वह ढह गया। इसमें एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दब गए।

सोमवार को भारी बारिश ने महाराष्ट्र के मुंबई में रेलवे ट्रैक, सब-वे और सड़कों पर पानी भर गया। बीड में 11 ग्रामीणों को वायुसेना ने एयरलिफ्ट किया।

शिमला में बारिश और लैंडस्लाइड से तबाही
पिछले 24 घंटे में हुई बारिश और लैंडस्लाइड से शिमला में कई सड़कें बंद हो गईं। सड़कों पर मलबा भर गया, जिससे गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

सहस्त्रधारा से लोगों का पलायन

सहस्त्रधारा से लोगों का पलायन, सड़कों को भारी नुकसान
सहस्त्रधारा में भारी बारिश और बाढ़ से हुई तबाही के बाद लोग पलायन कर रहे हैं। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “जब यह घटना हुई तब मैं रात की ड्यूटी पर था। उसके बाद बच्चों ने रात मंदिर में गुजारी। फिलहाल मैं अपने परिवार को सुरक्षित स्थान पर ले जा रहा हूं। सड़कों को बहुत नुकसान हुआ है।”