Why Silver Turns Black : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और दुनिया भर में जारी आर्थिक उथल-पुथल का असर अब सीधे सर्राफा बाजार पर दिखाई देने लगा है. पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों के साथ-साथ सोने और चांदी के भाव में भी लगातार उतार-चढ़ाव जारी है. लेकिन इसी बीच एक सवाल ऐसा भी है, जो अक्सर लोगों के मन में उठता है कि आखिर चांदी समय के साथ काली क्यों पड़ जाती है. जबकि सोना सालों तक अपनी चमक बरकरार कैसे रखता है?
अपनी चमक खो देती है चांदी
गहनों के शौकीनों ने कई बार देखा होगा कि लॉकर या संदूक में रखी चांदी धीरे-धीरे अपनी चमक खो देती है और उस पर काली परत जमने लगती है. वहीं, दूसरी तरफ सोने के गहने लंबे समय बाद भी लगभग नए जैसे नजर आते हैं. इसके पीछे का वैज्ञानिक कारण बेहद रोचक है.
चांदी का काला पड़ना एक केमिकल रिएक्शन
दरअसल, चांदी का काला पड़ना एक केमिकल रिएक्शन है, इसे विज्ञान की भाषा में ‘टार्निशिंग’ कहा जाता है. जब चांदी हवा में मौजूद हाइड्रोजन सल्फाइड गैस या सल्फर यौगिकों के संपर्क में आती है, तो उसकी सतह पर सिल्वर सल्फाइड की पतली काली परत बन जाती है. यही परत धीरे-धीरे चांदी की चमक को खत्म कर देती है और वो काली दिखाई देने लगती है.
घर के अंदर सल्फर आता कहां से है?
अब सवाल उठता है कि घर के अंदर सल्फर आता कहां से है? वैज्ञानिकों के मुताबिक , हवा में मौजूद प्रदूषण के अलावा इंसानी पसीना, परफ्यूम, डियोड्रेंट और कई कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में भी सल्फर के अंश पाए जाते हैं. नमी और गर्मी बढ़ने पर ये रिएक्शन और तेजी से होता है. यही वजह है कि बरसात या गर्मियों में चांदी ज्यादा तेजी से काली पड़ती है.
आखिर सोना क्यों नहीं पड़ता है ब्लैक?
वहीं, सोने के साथ ऐसा नहीं होता, क्योंकि सोना एक ‘नोबल मेटल’ यानी बेहद कम प्रतिक्रियाशील धातु माना जाता है. इसका मतलब यह है कि हवा, नमी, ऑक्सीजन या सल्फर जैसी गैसें भी सोने की सतह के साथ आसानी से रिएक्शन नहीं कर पातीं. इसी कारण सोने पर न तो ऑक्साइड की परत बनती है और न ही सल्फाइड की. वैज्ञानिकों के मुताबिक, सोने की परमाणु संरचना बेहद स्थिर होती है. इसके इलेक्ट्रॉन्स मजबूत तरीके से जुड़े रहते हैं, इसलिए सोना दूसरे तत्वों के साथ आसानी से रासायनिक बंधन नहीं बनाता. यही वजह है कि सोने में जंग या संक्षारण नहीं होता और उसकी चमक वर्षों तक बरकरार रहती है.
यही कारण है कि सदियों पुराना सोना भी मिट्टी या पानी से निकलने के बाद चमकदार दिखाई देता है, जबकि चांदी को समय-समय पर साफ करना जरूरी हो जाता है.