Petrol Diesel Saving Tips: मिडिल ईस्ट संकट के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में हो रही बढ़ोत्तरी के बीच हर कोई कुछ न कुछ तरीका खोज ही लेता है. ऐसा ही एक सालों पुराना तरीका सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है- अगर पैसे बचाने हैं तो पेट्रोल या डीजल हमेशा सुबह-सुबह या फिर देर रात में ही डलवाएं. इसको लेकर दावा किया जा रहा है कि मौसम ठंडा होने के कारण सुबह ईंधन का डेंसिटी यानी घनत्व ज्यादा होता है, जिससे उतने ही पैसों में आपके बाइक-कार में थोड़ा ज्यादा पेट्रोल-डीजल मिल जाता है. लेकिन क्या सच में ऐसा है? आइए जानते हैं इसके पीछे का असली सच…
क्यों गलत है सुबह-देर रात तेल डलवाने वाली थ्योरी?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे के अनुसार, दोपहर की धूप में पेट्रोल फैलता है और सुबह की ठंड में सिकुड़ता है. थ्योरी के मुताबिक तो यह सही लगता है, लेकिन असलियत में ऐसा नहीं होता है. दरअसल सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन जमीन के अंदर बड़े-बड़े टैंकों में स्टोर किया जाता है.
कंज्यूमर रिपोर्ट्स के अनुसार सच सामने आया कि बाहर की हवा का तापमान चाहे कितना भी बदल जाए, जमीन के नीचे मौजूद पेट्रोल का टेंपरेचर करीब 62°F यानी करीब 16.6°C पर बना रहता है. इसका मतलब है कि आप सुबह के 8 बजे तेल डलवाएं या दोपहर के 2 बजे या फिर रात के 10 बजे, आपकी गाड़ी के टैंक में जाने वाले फ्यूल की डेंसिटी में कोई फर्क नहीं आता. आपको उतना ही पेट्रोल-डीजल मिलेगा, जितना सुबह-दोपहर या रात में डलवाने पर मिलेगा.
तो फिर पैसे कैसे बचेंगे?
अगर आप तेल डलवाने के लिए सुबह-सुबह या देर रात पेट्रोल पंप पर जाते हैं, तो परेशान होना बंद कर दीजिए. पैसे बचाने के लिए समय से ज्यादा ये बातें काम आएंगी-
भारत में हर दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतें बदलती हैं. अगर हर दिन के दाम में भी 1 से 3 रुपये का भी अंतर आता है, तो महीने भर में यह बड़ा अंतर पैदा कर देता है. खासकर लंबी दूरी तय करने वाले लोगों के लिए .
अगर वीकेंड पर बाहर जा रहे हैं, तो शहर के अंदर ही टैंक फुल करा लें. हाईवे के पेट्रोल पंपों पर अक्सर तेल महंगा मिलता है.
आज कल ऐसे कई ऐप्स हैं जो आपके आस-पास के सबसे सस्ते पेट्रोल पंप की जानकारी देते हैं, उनका इस्तेमाल करें.
इन आदतों से बचेगा सबसे ज्यादा पैसा
पंप पर सही समय चुनने से ज्यादा जरूरी है कि आप अपनी गाड़ी चलाने की आदतें बदलें, जैसे-
जब भी फ्यूल का कांटा 1/4 पर पहुंचे, तुरंत तेल डलवा लें. टैंक बिल्कुल खाली होने पर फ्यूल सिस्टम पर प्रेशर पड़ता है और नीचे जमी गंदगी फिल्टर को खराब कर सकती है.
गाड़ी को अचानक हाई स्पीड में चलाने या तेजी से ब्रेक लगाने से बचें. टायरों में हवा का प्रेशर सही रखें और समय पर सर्विसिंग कराएं. इससे आपकी गाड़ी का माइलेज बढ़ेगा और जेब पर पेट्रोल-डीजल का बोझ भी ज्यादा नहीं पड़ेगा.