हरियाणा के रोहतक में रफ्तार का कहर, स्कूल बस और थार की टक्कर से दो की मौत; तीन घायल

रोहतक। जिले में दो सड़क हादसे हुए है। पहला हादसा महम थाना क्षेत्र के खरखड़ा बाइपास के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव कड़ले पुरवा निवासी 30 वर्षीय अंगद की मौत हो गई है। जबकि, दूसरा हादसा रोहतक-हिसार रोड कृष्णा ट्रांसपोर्ट कंपनी के सामने हुआ।

जहां तेज रफ्तार थार ने एक युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में 19 वर्षीय विशाल की मौत हो गई है। वह भी यूपी के लखीमपुर जिले के रहने वाले थे। इनमें एक हादसा मंगलवार की दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। जबकि दूसरा हादसा, रात 10. 30 बजे के आसपास हुआ। फिलहाल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, रोहतक के जींद चौंक बड़सी नगर प्रवीन ने शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी परचून की दुकान है। वह 26 मई को राज कुमार, मनोज और अंगद के साथ अपने ट्रैक्टर ट्राली से महम से गेट लेकर वापस रोहतक की ओर आ रहे थे। रास्ते में खरखड़ा बाइपास के नजदीक उन्होंने देखा कि गेट के रस्से ढीले हो रहे हैं तो हमने ट्रैक्टर साइड में लगाकर रस्से कसना शुरू कर दिया।

इसी बीच अंगद ट्रैक्टर से नीचे उतर गया और रस्सा खींचने लगा। जब सब रस्से खींचने में व्यस्त थे। इसी दौरान एक स्कूल बस तेज रफ्तार से आई और उसने ट्रैक्टर को पीछे से सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में अंगद ट्राली के नीचे आ गया और हम सब भी गिर गए। इस हादसे में चारों घायल हो गए। वहीं अंगद ने अस्पताल आते हुए रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं बाकी तीनों का पीजीआइएमएस में इलाज चल रहा है।

बुधवार को हुआ अंगद का पोस्टमार्टम
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठे प्रवीन के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि वह अपना मकान बनवा रहे हैं। उनके मकान में राजकुमार, मनोज और अंगद समेत कई मजदूर काम कर रहे हैं। मंगलवार को गर्मी ज्यादा होने की वजह से काम नहीं कराया गया और सभी को छुट्टी दे दी गई।

प्रवीन ने कहा कि वह ट्रैक्टर ट्राली से जाएगा और महम से गेट ले आएगा। इस दौरान ये तीनों भी उसके साथ ट्रैक्टर में बैठ गए और आते समय यह हादसा हो गया। जिस समय यह हादसा हुआ। उस वक्त उनका कोई जानकार वहां से गुजर रहा था। उन्होंने प्रवीन को पहचान लिया और उसके घायल होने की सूचना दी। इसके बाद सभी को अस्पताल लाया गया। जहां अंगद को मृत घोषित कर दिया।

थार चालकों ने पहले मारी टक्कर फिर मारपीट का भी किया प्रयास
पुलिस को लखीमपुर जिले के गांव मातादीन निवासी सुरेश ने शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके चार बच्चे हैं। उनमें से एक बेटा विशाल काले कृष्ण ट्रांसपोर्ट की गाड़ी पर हेल्पर का काम करता था। मंगलवार की रात करीब 11 बजे उनके पास आकाश का फोन आया और बताया कि विशाल रात करीब 10.30 बजे गाड़ी को बहार निकाल रहे थे तो अचानक से तेज रफ्तार थार कार आई और उसने विशाल को पीछे से टक्कर मार दी।

कार की स्पीड इतनी तेज थी उसने ट्रक के साथ जुड़ी ट्राली में भी टक्कर मारी और फिर चालक अपनी कार को तेज रफ्तार में रोहतक शहर की ओर भगा ले गया। लगभग 100 मीटर आगे कार जाकर खड़ी हुई और बैक करने के बाद कार सवार दो से तीन युवक उतर कर आए और उन्होंने उसे भी पिटने का प्रयास किया, लेकिन जब विशाल को सड़क के ऊपर पड़ा देखा तो वह मौके से भाग गए।

इसके बाद आकाश ने मालिकों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस की मदद से विशाल को ट्रामा सेंटर लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।