नई दिल्ली। अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर पुष्पराजगढ़ तहसील क्षेत्र के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरई चौकी के तिवनी गांव के पास शुक्रवार शाम एक बड़े सड़क हादसे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से नीचे गिर गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि जिले के गिंजरी, पड़मनिया गांव के ग्रामीण परिवारों के साथ बिजौरा ग्राम पंचायत के तिवनी जंगल में पूजा करने आए थे। शाम को लौटते समय पुलिया पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार ग्रामीण करीब दस फीट नीचे जा गिरे। बताया गया ट्रॉली में कुल लगभग 40 से अधिक लोग सवार थे।
घायलों को शहडोल मेडिकल अस्पताल किया गया रेफर
सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को शहडोल मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे घायल बताए गए हैं। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में परिजन पहुंच गए।
इलाज के दौरान चार लोगों की मौत
जानकारी अनुसार चार मृतकों में दो की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में घनश्याम सिंह 45 वर्ष,भूपत सिंह 50 वर्ष निवासी पढमनिया, सहबल बैगा पिता गल्ली राम 55 वर्ष एवं बीर सिंह 60 वर्ष निवासी गिजरी की पहचान हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बताया गया चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था पुलिया में गाड़ी को मोड़ नहीं पाया और अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई।
कलेक्टर ने की आर्थिक सहायता घोषणा
कलेक्टर हर्षल पंचोली भी हादसे के बाद शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल मरीजों से मुलाकात की, उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दुखद हादसे में काल-कवलित नागरिकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख एवं संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।