रेवाड़ी। रेवाड़ी क्राइम ब्राच की टीम ने अप्रैल महीने में भैंरू चौक स्थित एक सर्राफ की दुकान से सामान खरीदने के बहाने से सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है,जिसकी पहचान मध्य प्रदेश के जिला जावरा के हुसैन टीकरी हाल किरायेदार राजस्थान के जिला बूंदी की महावीर कॉलोनी के रहने वाले हसन अली के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि चोरी शुदा सोने के आभूषण बरामद किए जा सकें। इसके साथ ही, इस वारदात और गिरोह में शामिल अन्य सह-आरोपितों के ठिकानों का पता लगाया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 20 अप्रैल को गांधी नगर रेवाड़ी निवासी विजय जैन ने शिकायत में बताया था कि उसकी भैंरू चौक पर सर्राफ (ज्वेलरी) की दुकान है। 18 अप्रैल को उसकी दुकान पर दो व्यक्ति आए। उन्होंने चांदी के ताबीज दिखाने के लिए कहा। दोनों ने 450 रुपये में एक ताबीज खरीद लिया। उसके बाद दोनों ने उसे सोने की कान की बाली दिखाने के लिए कहा।
उसने उन दोनों को बताया कि 2 घंटे के बाद उसका बेटा दुकान पर आएगा। वही सोने की बाली दिखाएगा। दोनों जिद करने लगे तो उसने सोने की बालियों का पैकेट उनके सामने रख दिया। इसके बाद दोनों ने उसे बातों में उलझा दिया। अगले दिन उसका बेटा सौरभ जैन दुकान पर ग्राहकों को सामान दिखा रहा था, तो उसे सोने की बालियों का पैकेट नहीं मिला।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर साफ हुआ कि दोनों व्यक्तियों में से एक ने बड़ी चालाकी से सोने की बालियों का पैकेट चुराकर अपनी पैंट की जेब में डाल लिया था। चुराए गए पैकेट में 6 जोड़ी सोने की बाली और 2 जोड़ी झुमकी शामिल थीं।
शहर थाना पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर रेवाड़ी क्राइम ब्रांच ममाले की जांच सौंपी। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और खुफिया तंत्र की मदद से शनिवार को मुख्य आरोपित हसन अली को दबोचा लिया।
आरोपित का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित हसन अली एक आदतन और शातिर अपराधी है। इसके विरुद्ध राजस्थान के विभिन्न शहरों जैसे अजमेर, कोटा, नागौर, बूंदी आदि में चोरी व अन्य वारदातों के 10 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह आरोपित अन्य राज्यों में घूम-घूमकर इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता था।