भोजपुर: बिहार में कई दिनों से चली आ रही उमस भरी तपिश और लू के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने शनिवार को राज्य के 27 जिलों में तेज आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. लोगों को पक्के मकानों में रहने की सलाह दी गई है.
12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग ने 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका शामिल हैं. इन क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की भारी संभावना है. प्रशासन ने इन इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.
पटना-गया समेत 15 जिलों में येलो अलर्ट: राजधानी पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे में तापमान 41 डिग्री पार: राज्य के कई हिस्सों में अभी भी गर्मी का प्रकोप जारी है. दक्षिणी और पश्चिमी बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में बादल छाने से कुछ राहत मिली है.
अचानक बदला मौसम, जानिए कारण: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह बदलाव मानसून से पहले की गतिविधियों का नतीजा है. बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं आ रही हैं. तेज गर्मी और स्थानीय निम्न दबाव के कारण नमी बादलों में बदल रही है, जिससे तेज आंधी और बारिश हो रही है.
बिहार में कब आएगा मानसून?: दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच चुका है और तेजी से आगे बढ़ रहा है. सामान्य स्थिति में अगले एक से दो सप्ताह में बिहार में मानसून दस्तक दे सकता है. आमतौर पर 15 से 20 जून के बीच मानसून पूरे राज्य में सक्रिय हो जाता है, जिसके बाद गर्मी से पूर्ण राहत मिलेगी.
पटना में आज का मौसम: पटना में सुबह से बादलों की आवाजाही है. धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश से उमस में काफी कमी आएगी.
ठनका गिरने से 6 मजदूर घायल: भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव स्थित बालू घाट पर शुक्रवार दोपहर ठनका गिरने से छह मजदूर घायल हो गए. घायलों में हरेंद्र चौधरी, अमित चौधरी, अमलेश चौधरी, कंचन चौधरी समेत अन्य शामिल हैं. सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, एक की हालत गंभीर होने पर पटना रेफर किया गया. मौसम विभाग ने लोगों से खुली जगहों से दूर रहने की अपील की है.