मुजफ्फरनगर में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने नॉनवेज होटल के फ्लेक्स बोर्ड को जलाया

छपार। दिल्ली देहरादून नेशनल हाईवे पर देवी-देवताओं के नाम से मांसाहारी ढाबा चलाने का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने फ्लेक्स बोर्ड को फाड़कर जला दिया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। पुलिस ने रेस्तरां किराए पर देने वाले दुकान मालिक की तहरीर पर हिंदू रक्षा दल के युवा जिलाध्यक्ष और 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

गांव सिसौना में नेशनल हाईवे पर मंसूरपुर निवासी आजाद किंग चिकन कार्नर के नाम से नानवेज ढाबा चलाता है। उसी के बराबर में नरेश पाल की कन्फेक्शनरी की दुकान है, जिसपर बदरी विशाल शुद्ध भोजनालय का बोर्ड लगा हुआ है।

रविवार को हिंदू संगठनों के एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता वहां पर पहुंचे और देवी देवताओं के नाम पर नानवेज ढाबा चलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। कहा कि एक महीने बाद कांवड़ यात्रा आरंभ हो जाएगी, कांवड़ मार्ग पर नानवेज होटल नहीं चलने दिए जाएंगे।

उन्होंने किंग चिकन कार्नर के सभी फ्लेक्स बोर्डों को फाड़ दिया और एकत्र करके जला दिया। इस दौरान उनकी ढाबा कर्मियों के साथ कहासुनी व धक्कामुक्की भी हुई। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। छपार पुलिस ने ढाबे पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

ढाबा संचालक आजाद ने बताया कि वह नरेश कुमार सैनी से किराए की जगह लेकर किंग चिकन कार्नर के नाम से नानवेज ढाबे का संचालन कर रहा है। अगले माह कांवड़ यात्रा से पूर्व उसका कान्ट्रेक्ट का समय पूरा हो जाएगा। उसके बराबर में बदरी विशाल शुद्ध भोजनालय के बोर्ड लगे हैं।

उसपर बेवजह ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने देवी देवताओं के नाम से नानवेज होटल चलाने के आरोप लगाकर फ्लेक्स बोर्ड फाड़कर जला दिए। कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच व धक्का मुक्की की गई। यह सरासर गलत है।

वहीं, नरेश कुमार सैनी निवासी कुंदनपुरा, कोतवाली मुजफ्फरनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि सिसौना गांव के पास उसकी बद्री विशाल के नाम से चाय और ठंडे की दुकान है। दुकान के पास उन्होंने आजाद को दुकान किराए पर दे रखी है।

रविवार शाम उनकी दुकान पर हेमंत शर्मा समेत 15-20 युवक आए और उनसे गाली-गलौच करते हुए कहा कि वह चोटी रखने के बावजूद नानवेज बेचता है। उन्होंने उन युवकों से कहा कि वह चाय-कोल्डड्रिंक बेचता है। नानवेज का काम आजाद चौधरी करता है। युवकों ने उनकी एक नहीं सुनी और हाथापाई करते हुए दुकान में बैनर फाड़ दिए।

थानाध्यक्ष मोहित सहरावत ने बताया कि हिंदू रक्षा दल के युवा जिलाध्यक्ष हेमंत शर्मा समेत 20 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, परिसर में घुसकर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना जैसी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।