Chalo Jeete Hain Rath Yatra: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अब रस्साकशी तेज हो गई है. सभी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं. प्रदेश में यात्राओं का दौर शुरु हो गया है. जेडीयू, राजद और जन सुराज सहित तमाम राजनीतिक दलों की ओर से अपनी-अपनी यात्राएं निकाली जा रही हैं. इस बीच बीजेपी और कांग्रेस भी अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी है. कांग्रेस ने बिहार SIR के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा के बाद अब प्रदेश में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान शुरू किया है. 15 सितंबर से शुरु हुआ यह अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा. इसमें कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और बिहार एसआईआर के खिलाफ उनके हस्ताक्षर लेंगे. जानकारी के मुताबिक, इस अभियान में कांग्रेस पार्टी ने कुल 5 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा है. बाद में इसे चुनाव आयोग और राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा.
इस अभियान की जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बताया कि उनकी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और हस्ताक्षर लेंगे. इन हस्ताक्षरों को बाद में चुनाव आयोग और राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा. उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष है. अभियान में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे व्यापक जनसंपर्क होगा. जिला, प्रखंड एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी इस अभियान का नेतृत्व करेंगे. अभियान की रोजाना प्रगति रिपोर्ट एआईसीसी को भेजी जाएगी.
वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने बिहार में ‘चलो जीते हैं’ रथयात्रा शुरू की है. यह रथयात्रा बिहार की सभी 243 सीटों पर जाएगी. मंगलवार (16 सितंबर) को पटना के गांधी मैदान से 243 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. सभी रथ पर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है. जिस पर पीएम मोदी की जीवनी दिखाई जाएगी. सभी रथों को हरी झंडी दिखाने के बाद बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि पीएम मोदी और बीजेपी का मानना है कि दूसरों की सेवा करो, खुद जियो और दूसरे के जीने का सहारा बनो. इसी मकसद के तहत आज चलो जीते हैं रथ को रवाना किया गया है. यह लोगों को प्रेरित करेगा.
वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी बिहार अधिकार यात्रा पर निकल चुके हैं. तेजस्वी ने मंगलवार (16 सितंबर) को जहानाबाद से इस यात्रा की शुरुआत की. यात्रा के पहले ही दिन उन्होंने जहानाबाद, इस्लामपुर, हिलसा और फतुहा में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि 5 साल नहीं महज 20 महीने के लिए मौका दें. अगर उम्मीदों पर नहीं उतरा तो इस्तीफा दे दूंगा. उधर जेडीयू की ओर से नारी शक्ति और कर्पूरी रथ पूरे बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रचार करने में जुटे हैं. इसके जरिए जेडीयू नेता गांव-गांव जाकर मुख्यमंत्री की कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं.