स्कूल में मिला नोटों का पहाड़, गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीनें; गर्भनिरोधक गोलियां भी बरामद

कोलकाता । उत्तर 24 परगना के कांचरापाड़ा स्थित एक अंग्रेजी माध्यम निजी स्कूल से बुधवार देर रात तलाशी अभियान के दौरान एक करोड़ 77 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। स्कूल के सिक रूम की एक अलमारी से गर्भनिरोधक पैकेट भी मिला है। यह अभियान गुरुवार तड़के करीब चार बजे तक चला।

जानकारी के अनुसार, बीजपुर के भाजपा विधायक सुदीप्त दास अपने विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों का डाटा बैंक तैयार करा रहे थे। इसी दौरान उनके प्रतिनिधियों को इस स्कूल के बारे में कुछ आपत्तिजनक जानकारी मिली। इसके बाद विधायक स्वयं स्कूल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद रुपये गिनने के लिए मशीनें मंगाई गईं। पहले दो मशीनें पहुंचीं, बाद में एक और मशीन लाई गई। सुबह तक गिनती में 1 करोड़ 77 लाख रुपये बरामद होने की पुष्टि हुई।

विधायक सुदीप्त दास ने आरोप लगाया कि यह स्कूल की रकम नहीं, बल्कि कुछ प्रभावशाली लोगों का काला धन हो सकता है, जिसे जांच एजेंसियों के डर से स्कूल में छिपाकर रखा गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्कूल की प्रबंधन समिति से जुड़े कुछ राजनीतिक व्यक्तियों का इस मामले से संबंध हो सकता है।

दो कर्मचारियों को लिया गया हिरासत में
दूसरी ओर, स्कूल के प्रिंसिपल विकासचंद्र पाल ने दावा किया कि बरामद राशि विद्यार्थियों के प्रवेश शुल्क और अन्य फीस की रकम है, जो अप्रैल से जमा थी और जिसे बैंक में जमा किया जाना था। सिक रूम की अलमारी से मिले गर्भनिरोधक पैकेट के बारे में उन्होंने कहा कि वह वहां कैसे पहुंचा, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

पुलिस अब बरामद नकदी के स्रोत और स्कूल में इतनी बड़ी राशि रखे जाने के कारणों की जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान बयानों में कथित असंगति मिलने पर स्कूल के कैशियर अभिक नाथ और सहायक लेखाकार सायन घोष को बीजपुर थाना पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रशासन का मानना है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।