यूपी में प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। गुरुवार देर रात से आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, शामली और हाथरस में रुक-रुक कर जोरदार बारिश हुई। सहारनपुर में तूफान के साथ इतनी बारिश हुई कि सड़कें डूब गईं। लोगों के घुटनों तक पानी भर गया। बारिश का पानी घरों में घुस गया।
शामली में नगर पालिका परिसर, अस्पतालों में कमर तक पानी भर गया। हापुड़ में भी आंधी चली। हाथरस में पेड़ और पोल उखड़ गए। घंटों बिजली गुल रही। शुक्रवार तड़के बाराबंकी, लखीमपुर-खीरी, फर्रुखाबाद, एटा, बिजनौर और बागपत में झमाझम बारिश हुई। लखनऊ में बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है।
आज सभी 75 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। 16 जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। इससे प्री-मानसून जोर पकड़ने लगा है। ऐसे में आंधी-बारिश का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा। लोग खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
बीते 24 घंटे की बात करें तो गोरखपुर-मेरठ समेत 52 शहरों में आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई। इस दौरान 4.9 मिमी बारिश हुई। जबकि, वैज्ञानिकों ने महज 1.5 मिमी बारिश का अनुमान लगाया था। हालांकि, एक से 11 जून के बीच बारिश ने मायूस किया है। एक्सपर्ट्स ने बताया कि 11.8 मिमी बारिश हुई। 17.3 मिमी बरसात होनी चाहिए थी।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम…
13 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में रिमझिम बारिश के आसार हैं। पारा 3-4°C तक लुढ़क सकता है।
14 जून: पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी में हल्की ठंडी हवाएं चलेंगी।
15 जून: पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं चलेंगी। जोरदार बारिश होगी। पूर्वी यूपी में मौसम साफ है।
16 जून: पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही रहेगी। हवा में नमी की वजह से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
17 जून: यूपी में मौसम साफ रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी। बादलों की आवाजाही की वजह से कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।