मोहर्रम से पहले मुजफ्फरनगर प्रशासन अलर्ट, ‘माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई’

उतर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में आगामी 26 जून से शुरू होने वाले मोहर्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.गुरुवार को जिला सभागार में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा की.

एसएसपी ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मोहर्रम मनाने की अपील करते हुए साफ कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.उन्होंने बताया कि मोहर्रम के सभी जुलूस सीसीटीवी निगरानी में निकाले जाएंगे और सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी.

नई परंपरा नहीं लागू करने दी जाएगी
एसएसपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा लागू नहीं होने दी जाएगी.ताजियों और आलम की ऊंचाई निर्धारित नियमों के अनुसार ही रहेगी.साथ ही जुलूसों में अवैध हथियारों और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक फोटो या एआई तकनीक के जरिए बनाए गए विवादित कंटेंट साझा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

साफ-सफाई व रूट निर्धारित
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को रूट निरीक्षण, सफाई व्यवस्था, बिजली लाइनों और सुरक्षा इंतजामों को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जा सके. इसके अलावा जिले की सभी तहसीलों और नगर पंचायतों में साफ-सफाई के निर्देश दिए.

यहां बता दें कि इस बार प्रशासन त्योहारों के लेकर विशेष अलर्ट है, खासकर पश्चिमी यूपी में, क्यूंकिन कई बार छोटे-मोटे विवाद बड़े रूप ले जाते हैं. यही नहीं पुलिस के साथ-साथ खुफिया विभाग भी अलर्ट हैं. अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी कैंसल कर दी गयीं हैं. इसके साथ ही लापरवाही पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी यी है. प्रशासन की पूरी कोशिश है कि सभी त्यौहार शंतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों.