शनिवार की बात करें तो प्रदेश के 25 जिलों में आधी- बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में 6.8 मिमी रिकॉर्ड की गई। प्रयागराज-लखनऊ में तूफान आया। कानपुर में घरों में पानी घुस गया।
पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत हुई है। उन्नाव और गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक-एक किसान की जान गई। वहीं कासगंज में आंधी के दौरान मकान का लिंटर गिरने से पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई।
15 जून: पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं चलेंगी और जोरदार बारिश होगी। पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा।
16 जून: पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही रहेगी। हवा में नमी की वजह से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
17 जून: यूपी में मौसम साफ रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी। बादलों की आवाजाही के कारण कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
18 जून: पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही रहेगी। कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
19 जून: पूरे प्रदेश में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं तूफान भी आ सकता है।
गोरखपुर में सुबह से तेज धूप निकली, अपडेट दे रहे भास्कर रिपोर्टर
गोरखपुर में रविवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आसमान साफ रहने से धूप का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। हवा में नमी 55 फीसदी से अधिक होने के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर तक तापमान बढ़ने के साथ उमस और बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रह सकता है। दिन में 15 से 20 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, हवा चलने के बावजूद लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद कम है।
झांसी में तेज धूप की वजह से गर्मी और उमस बढ़ी
झांसी में लगातार दूसरे दिन रविवार सुबह से तेज धूप खिली है। इस वजह से गर्मी और उमस बढ़ गई है।
कूलर-पंखे भी काम नहीं कर रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने आज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री दर्ज किया गया। आज भी पारा 40 डिग्री से नीचे रह सकता है। सुबह 9 बजे तापमान 32 डिग्री पहुंच गया।
बरेली में धूप निकली हुई है। आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
आगरा में सुबह से धूप निकली हुई है। बीच-बीच में बादल भी छा रहे हैं। तापमान 31°C के आसपास बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 27°C और अधिकतम तापमान 39°C रहने का अनुमान है।
आज इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबडेकरनगर, बस्ती, आजमगढ़, संतकबीरनगर, गोरखपुर, मऊ, देवरिया, बलिया।
वाराणसी में तेज धूप, तापमान 39 डिग्री
वाराणसी में भी तेज धूप निकली हुई है। आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस है। हवा की रफ्तार 5 किलोमीटर प्रति घंटा है। हवा में नमी 58% बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक लगातार तापमान में वृद्धि होगी।
कानपुर में तेज धूप निकली, गर्मी-उमस से लोग परेशान
कानपुर में सुबह से तेज धूप निकली हुई है। मौसम साफ है। हवा भी थमी हुई है। सुबह से ही उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया।