रूद्रप्रयाग; उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं से भरी बस केदारनाथ जाते समय अनियंत्रित हो गई और खाई में लटक गई। हादसा फाटा के समीप जामू क्षेत्र में हुआ। गनीमत रही कि बस पैराफिट के पत्थरों पर लटक गई, जिससे वह नीचे गिरने से बच गई। बस में बैठे यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतार लिया गया। घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल है।
100 फीट गहरी खाई में जाती तो नहीं बचता कोई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र के पुणे से आए श्रद्धालुओं की बस सोमवार सुबह 4 बजे जामू स्थित एक होटल से केदारनाथ राजमार्ग की ओर रवाना हुई थी। बस जैसे ही जामू हेलीपैड के समीप ढलान वाले मार्ग पर पहुंची, एक तीखे मोड़ पर अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और पैराफिट तोड़कर 100 फीट खाई के पास लटक गया। बस के लटकते ही चीख-पुकार मच गई। किसी तरह चालक ने यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।
रफ्तार धीमी होने से बचे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार धीमी थी, जिससे वह पैराफिट पर ही लटक गई और नीचे नहीं लुढ़की। रफ्तार तेज होने पर बड़ा हादसा होता। सोशल मीडिया पर दिख रहे वीडियो में घटनास्थल से खाई के नीचे जा रही दूसरी सड़क दिखाई दे रही है, जो इसकी ऊंचाई को स्पष्ट दिखा रहा है। फाटा चौकी प्रभारी दिनेश सती ने बताया कि कोई जनहानि नहीं हुई है, सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।