छत्तीसगढ़ में फुफेरे भाई का हाथ-पैर बांध युवती से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले के कोटराही जंगल में फुफेरे भाई के साथ पैदल जा रही 19 वर्षीय युवती के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों ने युवती के भाई के हाथ-पैर बांध दिए और उसके सामने ही दरिंदगी की। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

सभी आरोपित कोटराही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना रविवार दोपहर की है। पुलिस के अनुसार, युवती, फुफेरे भाई के साथ एक संबंधी के घर जा रही थी। जंगल में बाइक सवार दो युवकों ने इन्हें रोककर धमकाया और भाई को बांधकर युवती से दुष्कर्म किया।

हैवानियत यहीं नहीं रुकी। दोनों आरोपितों ने फोन कर अपने एक अन्य साथी को मौके पर बुला लिया। तीसरे आरोपित ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद तीनों आरोपित मौके से भाग निकले।

शिकायत के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और आरोपितों की धरपकड़ की गई। युवती ने आरोपितों की पहचान की है। आरोपितों के विरुद्ध वाड्रफनगर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।