यूपी: प्रदेश में दो दिन के बाद होगी लू की वापसी, इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

लखनऊ। Weather in UP: यूपी में मानूसन आने के ठीक पहले एक बार फिर पूरे प्रदेश में मौसम गर्म होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में एक बार फिर लू के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश में माैसम का अलग अलग रंग देखने को मिल रहा है। कई हिस्सों में तपिश भरी गर्मी की वापसी हुई है तो पश्चिमी यूपी और तराई में आंधी और बूंदाबांदी हो रही है। माैसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल एक हफ्ते तक मानसून आने के आसार नहीं हैं।

पूर्वानुमान है कि फिलहाल तीन चार दिनों के दाैरान प्रदेश के मध्यांचल और बुंदेलखंड आदि में गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। वहीं पश्चिमी यूपी और तराई में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।

मंगलवार को प्रदेश के पंद्रह जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक दर्ज किया गया। 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रयागराज प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं बांदा में 42.6 डिग्री, वाराणसी और हमीरपुर में 42.2 डिग्री और चुर्क में 41.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

क्षेत्रीय माैसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में माैसम शुष्क रहने वाला है। हालांकि इस बीच पश्चिमी यूपी में कहीं कहीं छिटपुट बूंदाबांदी के संकेत हैं।