मुजफ्फरनगर: चरथावल थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक मुठभेड़ में दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त घायल हो गया. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस के साथ 315 बोर बरामद हुए हैं.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के अनुसार, मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना में 13 जून को वादी ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें उसने अभियुक्त उमर पुत्र आस मौहम्मद पर अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था.
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में टीमें गठित की गई. 16 जून को थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया और एसओजी प्रभारी मोहित के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी. इसी दौरान दधेडू पुल के पास दो संदिग्ध खड़े दिखे. पुलिस ने उन्हे रोका तो फायरिंग शुरू करते हुए भागने लगे.
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी तो आरोपियों ने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें उमर पुत्र आस मौहम्मद की बाएं पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया. दूसरा आरोपी अब्दुल्ला पुत्र मतलूब निवासी बागोवाली को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया. घायल आरोपी उमर को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाई शुरू कर दी है.