मुज़फ़्फ़रनगर में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार युवक सड़क किनारे कच्चे हिस्से में चल रहा था, लेकिन तेज रफ्तार ब्रेजा कार हाईवे से नीचे उतरकर सीधे उसे टक्कर मार देती है।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव नसीरपुर निवासी पंकज पाल पुत्र करण पाल के रूप में हुई है। मंगलवार दोपहर हुए हादसे में पंकज की मौके पर ही मौत हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पंकज उछलकर कार की बोनट पर जा गिरा और फिर करीब 20 फीट दूर सड़क पर जा गिरा।
वहीं उसकी बाइक करीब 30 फीट तक घिसटती चली गई। फुटेज में यह भी दिखाई दे रहा है कि हादसे के दौरान सामने से पैदल आ रहे दो युवक घसीटती हुई बाइक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। कुछ सेकंड की देरी होती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने फरार ब्रेजा कार और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।