मुजफ्फरनगर: हाईवे पर युवक को मारी गोली, हायर सेंटर रेफर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर शाम एक युवक को गोली मार दिए जाने से सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल को तीन युवक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

घायल की पहचान करीब 20 से 22 वर्षीय ओम पुंडीर पुत्र प्रवीण निवासी कछौली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक को दीदाहेड़ी गांव के पास गोली मारी गई। बताया जा रहा है कि .32 बोर के हथियार से फायर किया गया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खून के धब्बे मिलने की पुष्टि की है और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक को गोली किसने मारी और इसके पीछे क्या वजह रही। उन्होंने कहा कि घायल युवक को अस्पताल लाने वाले तीन युवकों ने पुलिस को केवल इतना बताया है कि उन्होंने ओम को सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

ASP का कहना है कि अभी तक कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घायल के परिजनों, परिचितों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना की वजह और हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।