मध्य प्रदेश में महिला ने सरेआम पटवारी को जड़ा थप्पड़, तहसील में हड़कंप, वजह देगी झटका!

अशोकनगर : मध्य प्रदेश के अशोकनगर की ईसागढ़ तहसील में एक सनसनीखेज घटना ने सभी को हैरान कर दिया. यहां एक महिला ने पटवारी को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामला तब शुरू हुआ जब महिला ने पटवारी पर पैसे लेने के बाद भी काम न करने का आरोप लगाया.

जानकारी के अनुसार, महिला लंबे समय से अपने काम के लिए पटवारी के चक्कर काट रही थी. आरोप है कि पटवारी ने उससे पैसे लिए, लेकिन काम में टालमटोल करता रहा. परेशान होकर महिला ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज की. इसके बाद पटवारी ने उसे तहसील कार्यालय बुलाया और कथित तौर पर उसका मोबाइल छीनकर शिकायत को जबरन बंद कर दिया.

इसलिए मारा थप्पड़
इस हरकत से गुस्साई महिला ने पटवारी को सबके सामने थप्पड़ मार दिया. आसपास मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा का विषय बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि महिला कई बार पटवारी से अपने काम के लिए गुहार लगा चुकी थी, लेकिन बार-बार निराशा ही हाथ लगी.

विभाग पर उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद लोग राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं. कुछ लोग महिला के गुस्से को जायज ठहरा रहे हैं, तो कुछ इसे गलत बता रहे हैं. प्रशासन ने इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.