मध्य प्रदेश: शादी समारोह में शामिल होने आए तीन युवकों की नदी में डूबने से मौत, खुशियां मातम में बदलीं

भिंड: मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित पहुज नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब भिंड के मिहोना थाना क्षेत्र के लिधौरा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए युवक दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे।घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और दोनों राज्यों के सीमा क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मिहोना थाना क्षेत्र के लिधौरा और अतियनपुरा गांव से जुड़े एक दर्जन से अधिक युवक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। भीषण गर्मी के बीच सभी युवक उत्तर प्रदेश के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुरा स्थित पहुज नदी में नहाने के लिए चले गए। बताया जा रहा है कि नहाते समय कुछ युवक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और तेज बहाव तथा गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके। इसी दौरान तीन युवक पानी में डूबने लगे।

गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से शुरू हुआ तलाशी अभियान
साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश के माधौगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया।

काफी मशक्कत के बाद नदी से तीनों युवकों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना जैसे ही परिजनों तक पहुंची, शादी समारोह का माहौल गमगीन हो गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी के जिस हिस्से में युवक नहा रहे थे, वहां अचानक गहराई बढ़ जाती है। आशंका जताई जा रही है कि युवकों को नदी की गहराई का सही अनुमान नहीं था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नदी और जलाशयों में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।