राजस्थान SI भर्ती परीक्षा 2025 का परिणाम जारी, ऐसे करें चेक

अजमेर. राजस्थान में हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. राजस्थान लोक सेवा आयोग ने उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. रिजल्ट जारी होते ही अभ्यर्थियों में हलचल बढ़ गई है, क्योंकि अब चयन प्रक्रिया का अगला और अहम चरण शारीरिक दक्षता परीक्षा होने जा रहा है. इस भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में युवाओं ने किस्मत आजमाई थी और अब करीब 21 हजार अभ्यर्थियों को अगले चरण में पहुंचने का मौका मिला है.

यह परीक्षा 5 और 6 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी. प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे. आयोग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर के कुल 1015 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है. परीक्षा में कुल 2 लाख 32 हजार 352 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था. इनमें से 20 हजार 798 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पात्रता की शर्त पर सूची में शामिल किया गया है.

20 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को मिला अगला मौका
राजस्थान लोक सेवा आयोग के सचिव ने बताया कि लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले और सेवा नियमों के अनुसार न्यूनतम उत्तीर्णांक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए चुना गया है. हालांकि आयोग ने साफ किया है कि इन अभ्यर्थियों की पात्रता से जुड़ी जांच अभी नहीं हुई है. पात्रता से संबंधित दस्तावेजों और नियमों की जांच साक्षात्कार के समय की जाएगी. ऐसे में आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे खुद यह सुनिश्चित कर लें कि वे भर्ती नियमों के तहत सभी जरूरी शर्तों को पूरा करते हैं या नहीं. यदि बाद में कोई अभ्यर्थी अपात्र पाया जाता है तो उसका चयन निरस्त किया जा सकता है. शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीख और कार्यक्रम को लेकर अभी अलग से सूचना जारी की जाएगी. महानिदेशक एवं महानिरीक्षक पुलिस, राजस्थान जयपुर की ओर से अभ्यर्थियों को समय पर बुलाया जाएगा.

1744 अभ्यर्थी हुए अयोग्य, तीन का परिणाम रोका गया
इस भर्ती परीक्षा में ओएमआर शीट भरने में लापरवाही भी कई अभ्यर्थियों पर भारी पड़ गई. आयोग के अनुसार 1744 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है. इसकी वजह यह रही कि उन्होंने अपनी ओएमआर उत्तर पुस्तिका में 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में पांच विकल्पों में से किसी भी विकल्प को नहीं भरा. आयोग ने ऐसे सभी अभ्यर्थियों के रोल नंबर अपनी वेबसाइट पर अलग से जारी कर दिए हैं. इसके अलावा तीन अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोका गया है. आयोग ने इन तीनों अभ्यर्थियों का रिजल्ट शील्ड पैक रख दिया है. एसआई भर्ती परीक्षा प्रदेश की सबसे चर्चित भर्तियों में शामिल रही है. अब लिखित परीक्षा का चरण पूरा होने के बाद चयन प्रक्रिया शारीरिक दक्षता परीक्षा की ओर बढ़ेगी. हजारों अभ्यर्थियों की निगाहें अब अगले कार्यक्रम और पीईटी की तारीखों पर टिकी हुई हैं.