कोई भगवान नहीं है…’ सलमान खान को लेकर ‘काला हिरण’ के डायरेक्टर का बड़ा बयान

Kala Hiran Director on Salman Khan: फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ को लेकर बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान और फिल्म के मेकर्स के बीच कानूनी लड़ाई काफी बड़ी हो गई है. जब से इस फिल्म का पहला लुक और पोस्टर सामने आया है, तब से सलमान खान बहुत नाराज हैं. उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में अर्जी लगाकर इस फिल्म की रिलीज और प्रमोशन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है. सलमान का कहना है कि यह फिल्म उनकी मर्जी के बिना उनके नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल कर रही है.

अब इस पूरे विवाद पर फिल्म के डायरेक्टर भारत एस श्रीनाते ने खुलकर अपनी बात रखी है और सलमान खान पर सीधा निशाना साधा है. उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कहा कि सलमान खान कोई भगवान नहीं हैं और न ही वह उनके गॉडफादर हैं जो उनके करियर को रोक देंगे. डायरेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सलमान खान न तो उनका करियर बना सकते हैं और न ही इसे बर्बाद कर सकते हैं.

डायरेक्टर भारत एस श्रीनाते का सलमान पर पलटवार
भारत एस श्रीनाते ने आगे कहा कि उनकी पूरी टीम ने सालों तक रिसर्च की है और बहुत मेहनत के बाद ये फिल्म बनाई है. ऐसे में फिल्म के तैयार होने पर अचानक कानूनी नोटिस भेजना और इसे रोकने की कोशिश करना बिल्कुल भी ठीक नहीं है. उन्होंने सलमान खान को सलाह दी है कि वो बिना सोचे-समझे किसी नतीजे पर न पहुंचें. सलमान को कोर्ट जाने से पहले एक बार यह फिल्म खुद देख लेनी चाहिए.

फिरोजा ब्रेसलेट को लेकर हंगामा क्यों?
फिल्म के पहले लुक में लीड एक्टर कासिफ इकबाल खान ‘अयान खान’ नाम का रोल कर रहे हैं. इस वीडियो में उनके हाथ में सलमान खान का मशहूर फिरोजा ब्रेसलेट दिखाई दे रहा है, जिस पर सबसे ज्यादा झगड़ा चल रहा है. इस पर डायरेक्टर ने जवाब दिया कि वह ब्रेसलेट कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे सिर्फ सलमान ही पहन सकते हैं. अगर उन्हें इतनी दिक्कत है, तो उन्हें इसका पेटेंट करवा लेना चाहिए.

एक्टर के चेहरे पर बवाल
एक्टर कासिफ इकबाल खान के सलमान खान जैसे दिखने पर डायरेक्टर ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म ‘ठाकरे’ का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि उस फिल्म में नवाज को मेकअप के जरिए बाल ठाकरे जैसा लुक दिया गया था. लेकिन हमारी फिल्म में हमने किसी मेकअप का सहारा नहीं लिया है. हमारे हीरो का चेहरा कुदरती रूप से सलमान से मिलता है, जिसे बदला नहीं जा सकता.

सलमान खान के वकील निजाम पाशा ने कोर्ट को बताया कि फिल्म के पोस्टर में सलमान जैसी शक्ल वाले एक्टर को दिखाया गया है. याचिका में ये भी कहा गया कि एक्टर के हाथ में हथियार है, जबकि सलमान को आर्म्स एक्ट केस में कोर्ट से राहत मिल चुकी है. ये फिल्म 1998 के काले हिरण मामले पर आधारित है, जो अभी भी कोर्ट में चल रहा है. अब दिल्ली हाईकोर्ट इस मामले पर आज सुनवाई करने जा रहा है.