अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मानवता के रिश्तों को कलंकित कर दिया है. कोरिया जिले के पंडोपारा स्थित काटकोना गांव में एक सरकारी वाहन चालक ने अपनी पत्नी के साथ जो क्रूरता की है, वह न केवल अमानवीय है बल्कि कानून की नजर में एक जघन्य अपराध भी है. वर्ष 2006 में प्रेम विवाह के बंधन में बंधे इस दंपत्ति के बीच का विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए हैवानियत की सारी सीमाएं लांघ दीं. इस बर्बर घटना की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर हर कोई स्तब्ध है.
आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटने के बाद उसके सिर के बाल काटकर मुंडन कर दिया. दरिंदगी की हद तो तब हो गई जब उसने पीड़िता के चेहरे पर कालिख पोती साथ ही शारीरिक प्रताड़ना के दौरान उसने पत्नी को अपने बच्चों और स्वयं का पेशाब पिलाने जैसा घिनौना कृत्य किया. पत्नी को पूरे गांव में अपमानित करने की कोशिश की.
चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी अमानवीय घटना के समय उनके चारों बच्चे (दो बेटे और दो बेटियां) भी वहीं मौजूद थे. पीड़िता ने अपनी शिकायत में पति पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पति सरकारी मंत्रालय में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है. साल 2006 में लव मैरिज करने वाले इस जोड़े के बीच पिछले एक साल से तनाव चल रहा था, जिसके चलते पत्नी अलग रह रही थी. पति ने अपने बचाव में आरोप लगाया है कि पत्नी के संबंध अन्य रिश्तेदारों के साथ थे, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया. हालांकि, पीड़िता ने इन आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए पति पर ही उसे प्रताड़ित करने और अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पटना थाना में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.