मानसून को लेकर आई बुरी खबर! 5 सिस्टम रोक रहे, 19 राज्य बारिश को तरसे

मानसून 15 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है, लेकिन 8 जून से तेलंगाना में अटका हुआ है। 11 दिन हो गए हैं, ये आगे नहीं बढ़ रहा है। इससे उत्तर-मध्य भारत के 7 राज्य बारिश के लिए तरस रहे हैं। इन राज्यों में 60% तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इसकी वजह एक ही समय पर 5 अलग-अलग सिस्टम एक्टिव होना है। जैसे अरब सागर से तेज नमी वाली हवाएं नहीं आ रहीं और दक्षिण से बादल उत्तर की ओर नहीं बढ़ रहे हैं।

1 से 18 जून के बीच देश में सामान्य से 38% कम बारिश दर्ज की गई है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे खराब स्थिति गुजरात की रही, जहां सामान्य से 79% कम बारिश हुई। इसके बाद महाराष्ट्र में 78% कम वर्षा की गई।

मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश हो रही है। इसके बावजूद यूपी-राजस्थान समेत 7 राज्यों में तापमान 40°C के पार है।

कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट पर बिजली गिरी

कोलकाता एयरपोर्ट पर आंधी-तूफान के दौरान अगरतला जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 पर बिजली गिर गई। घटना उस समय हुई जब विमान एयरोब्रिज पर खड़ा था। दो ग्राउंड मैन को हल्की चोटें आई थीं, फिलहाल दोनों ठीक हैं। विमान में 147 पैसेंजर सवार थे। सावधानी के तौर पर यात्रियों को विमान से उतारकर दूसरे विमान से रवाना किया गया।

नवी मुंबई एयरपोर्ट की छत से टपका पानी

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर छत से पानी टपकने के कारण शुक्रवार को बैगेज बेल्ट 5 और 6 का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि करीब 30 मिनट में पानी का रिसाव रोक दिया गया और एक घंटे के भीतर सफाई व मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया। फिलहाल दोनों बैगेज बेल्ट पूरी तरह से चालू हैं।