फुलवारी शरीफ। शनिवार से जमीन निबंधन नई दरों पर प्रारंभ हो गया है। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित संशोधित सर्किल रेट लागू होने के कारण जमीन की खरीद-बिक्री महंगी हो गई है। शुक्रवार से स्टाम्प ड्यूटी में एक प्रतिशत की वृद्धि लागू की गई थी। नई दरों के प्रभाव से फुलवारी शरीफ के शहरी क्षेत्रों में जमीन के मूल्यांकन में 100 प्रतिशत तक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 60 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।
हालांकि, सरकार ने महिलाओं को राहत देते हुए स्टाम्प ड्यूटी में मिलने वाली छूट को बढ़ा दिया है। महिलाओं के नाम पर संपत्ति खरीदने पर स्टाम्प ड्यूटी में मिलने वाली 0.3 प्रतिशत की रियायत को बढ़ाकर 0.4 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा निबंधन शुल्क में भी एक प्रतिशत की छूट जारी रखी गई है।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
फुलवारी शरीफ अवर निबंधन कार्यालय को चालू वित्तीय वर्ष में 141 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह का लक्ष्य दिया गया है। पुनपुन अंचल के सभी मौजा तथा फुलवारी शरीफ के आठ मौजा में जमीन के निबंधन पर रोक लगा दी गई है, जिसका निबंधन कार्य पर सीधा असर पड़ा है।
अवर निबंधक मोहम्मद शकील रजा ने बताया कि बढ़ी हुई स्टाम्प ड्यूटी वसूली जा रही है, जबकि नई दरों पर निबंधन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू होगी। निबंधन पर रोक के कारण संपत्ति खरीद-बिक्री की रफ्तार धीमी पड़ गई है।