उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले इसी साल राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होंगे। नवंबर में 10 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इन दस में से आठ सीटें भाजपा के पास हैं। भाजपा ने मौजूदा चेहरों में कइयों को बदलने की तैयारी है। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से राज्यसभा में नए चेहरों के जरिए सामाजिक समीकरण साधेगी। ऐसे में राज्यसभा के लिए दावेदारों की भागदौड़ शुरू हो गई है।
यूपी अब लगातार चुनावी दौर से गुजरेगा। राज्य में शिक्षक और स्नातक कोटे की 11 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव होने हैं। नवंबर में यूपी की 10 राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं। इसके बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सूबे का सियासी माहौल गर्म है। भाजपा एमएलसी चुनाव के लिए अपने पांच जीते हुए प्रत्याशियों को रिपीट कर चुकी है। बाकी पर प्रत्याशी घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा प्रदेश संगठन भी जल्द घोषित करने की तैयारी में है। इसके साथ ही पार्टी राज्यसभा चुनाव के लिए चेहरे के चयन में भी जुटेगी।
सपा को मिल सकती हैं दो सीटें
भाजपा पिछले राज्यसभा चुनाव में आठ सीटें जीती थीं। उस समय एक सीट बसपा और एक सपा के हिस्से आई थी। बसपा के पास इस समय सदस्य संख्या नहीं है, इसलिए उसका प्रतिनिधित्व लोकसभा और यूपी विधान परिषद के साथ ही राज्यसभा में भी खत्म हो जाएगा। उसके एकमात्र सदस्य रामजी का कार्यकाल भी नवंबर में समाप्त हो रहा है। संख्या बल और चुनावी गुणा-गणित के हिसाब से देखें तो भाजपा फिर आठ सीटें जीत सकती है।
सपा कोटे की सीटें एक से बढ़कर दो हो जाएंगी। जिन सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है उनमें भाजपा कोटे से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा, अरुण सिंह, डा. दिनेश शर्मा, बृजलाल, सीमा द्विवेदी, गीता शाक्य, नीरज शेखर हैं। सपा कोटे से प्रो. रामगोपाल और बसपा के रामजी गौतम शामिल हैं।
भाजपा में लखनऊ से दिल्ली तक लॉबिंग
जहां तक भाजपा का सवाल है तो पार्टी आधे से अधिक चेहरे बदल सकती है। इनमें से एक-दो चेहरे केंद्र व प्रदेश के संगठन में समायोजित किए जा सकते हैं। एकाध की भूमिका में बदलाव होगा जबकि कुछ खाली हो सकते हैं। बदलाव की आहट के बीच दावेदारों ने भी लखनऊ से दिल्ली तक लॉबिंग शुरू कर दी है। संघ के बड़े पदाधिकारियों के यहां भी हाजिरी लगाई जा रही है। सिने तारिका जयाप्रदा सहित कई चेहरों की बढ़ी हुई सक्रियता को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।