EKA Mobility Electric Buses In Rajasthan : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राज्य में टिकाऊ और हरित सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए जयपुर में एका मोबिलिटी की इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई है। पीएम ई-बस सेवा पहल के तहत राज्य में 876 इलेक्ट्रिक बसों की तैनाती का यह पहला चरण है, जो राजस्थान की क्लीन, ग्रीन और फ्यूचर-रेडी मोबिलिटी समाधानों के प्रति प्रतिबद्धता को शोकेस करता है। इन बसों को चार्टर्ड स्पीड द्वारा राज्य के 8 शहरों में संचालित और तैनात किया जाएगा। अत्याधुनिक तकनीक और जीरो टेलपाइप एमिशन वाली ये बसें दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर लिफ्ट जैसी सुविधाओं के साथ समावेशी और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का बेहतरीन उदाहरण हैं।
परिवहन का विस्तार और संचालन
आपको बता दें कि यह प्रोजेक्ट एका मोबिलिटी और चार्टर्ड स्पीड के कंसोर्टियम द्वारा कार्यान्वित की जा रही है। इन 876 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद और संचालन की जिम्मेदारी चार्टर्ड स्पीड की है, जो इन्हें राजस्थान के 8 अलग-अलग शहरों में तैनात करेगी। EKA के अडवांस्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लैटफॉर्म पर निर्मित ये बसें अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं। ये जीरो टेलपाइप एमिशन्स के साथ-साथ बेहतर सेफ्टी फीचर्स और इंटेलिजेंट फ्लीट मैनेजमेंट की सुविधा प्रदान करती हैं।
एका मोबिलिटी का कमिटेंट
एका मोबिलिटी के फाउंडर और प्रेजिडेंट डॉ. सुधीर मेहता का कहना है कि यह साझेदारी राजस्थान के साथ एक स्वच्छ और टिकाऊ मोबिलिटी ईकोसिस्टम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मौजूदा समय में एका के ग्रीन मोबिलिटी सॉल्यूशन राजस्थान से लेकर अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड से लेकर आंध्र प्रदेश तक पूरे भारत में सर्विस दे रहे हैं। यह तैनाती राज्य में सार्वजनिक परिवहन के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने और अर्बन मोबिलिटी में सुधार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
दिव्यांगों के लिए खास व्यवस्था
इन बसों के डिजाइन में इनक्लूसिवनेंस को प्राथमिकता दी गई है, जिसमें दिव्यांग यात्रियों के लिए एक डेडिकेटेड व्हीलचेयर लिफ्ट डोर मैकेनिजम शामिल है। इन बसों में 300kWh तक की बड़ी बैटरी क्षमता होती है और ये एक बार फुल चार्ज करने पर 250 किलोमीटर से लेकर 300 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती हैं। ये बसें CCS2 फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती हैं और 2.5 से 3.5 घंटे में फुल चार्ज हो सकती हैं। आरामदायक सफर के लिए इनमें एयर कंडीशनिंग, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर समेत कई सुविधाएं मिलती हैं।