मुजफ्फरनगर। खालापार पुलिस ने आन डिमांड पिस्टल एवं तमंचा तस्करी करने वाला अंतरजनपदीय गिरोह पकड़ा है। गिरोह के दस बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो फरार हो गए। गिरोह के सदस्य वाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से डील करते थे, उसके बाद उनके बताए स्थानों तक हथियार पहुंचाते थे। इनके कब्जे से तीन पिस्टल, सात तमंचे, 10 मोबाइल व बाइक बरामद हुई हैं। गिरोह मेरठ से लेकर गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर तक हथियार सप्लाई करता था।
शनिवार को थाना खालापार पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शुक्रवार रात को खालापार थाना प्रभारी बबलू कुमार टीम के साथ मीनाक्षी चौक के निकट चेकिंग कर रहे थे। तभी तहसील के निकट गहरा बाग की ओर कुछ लोगों के हथियारों को लेकर डील करने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर हथियार तस्करों को पकड़ा।
एसएसपी ने क्या बताया?
एसएसपी ने बताया कि मुकुल निवासी मुहल्ला पीठ बाजार, दीपांशु निवासी मुहल्ला बैंकवाला, ओमवीर त्यागी निवासी हनुमान मंदिर वाली गली छपार, अजय निवासी गांव मिरगपुर, सहारनपुर, सोनू राणा निवासी गांव नन्हेडा, समीर निवासी मुहल्ला रामपुरी, निखिल निवासी कूकडा, वंश मलिक निवासी शांतिनगर, करण कश्यप निवासी पटेलनगर, ललित सैनी निवासी हरिपुरम कूकड़ा को पकड़ा है। इनके कब्जे से 32 बोर के तीन पिस्टल, सात तमंचे, 10 मोबाइल व बाइक बरामद हुई। आरोपित आपस में दोस्त हैं। आरोपित हथियारों की तस्करी में लिप्त हैं।
बताया कि बरामद हथियार को उमर निवासी कच्ची सड़क, सिविल लाइंस व तस्लीम निवासी गांव दतियाना, छपार से खरीदते थे। जिन्हें शामली, सहारनपुर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ समेत कई जिलों सप्लाई करते थे। एसएसपी ने बताया कि यह गिरोह आन डिमांड हथियार सप्लाई करता था। पुलिस आरोपित उमर व तस्लीम की तलाश कर रही है।