योग दिवस पर मुज़फ्फरनगर पुलिस ने किया सामूहिक योगाभ्यास:PM मोदी का संबोधन देखा

मुजफ्फरनगर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग दिवस पर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया गया।

योगाचार्य योगेश ने पुलिसकर्मियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योग तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक है। योगाचार्य पिछले एक सप्ताह से पुलिस लाइन में योग प्रशिक्षण दे रहे थे, जिसका समापन योग दिवस पर हुआ।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए योग बेहद आवश्यक है, क्योंकि यह मानसिक संतुलन, शारीरिक क्षमता और एकाग्रता को बढ़ाता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से नियमित योग करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने योगाचार्य योगेश को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।