मुज़फ्फरनगर में आगामी मोहर्रम और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त कर दी है। दोनों बड़े धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार रात सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) और शहर के चारों थानों की भारी पुलिस फोर्स ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए आमजन से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च शिव चौक से शुरू होकर भगत सिंह रोड, सर्राफा बाजार, नॉवल्टी चौक और मेरठ रोड सहित शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों से गुजरते हुए दोबारा शिव चौक पर समाप्त हुआ। मार्च के दौरान पुलिस बल ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया और लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया।
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की शांति भंग करने वाली गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम और कांवड़ यात्रा दोनों ही महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन हैं। इन्हें सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त की जाएगी, ताकि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।