मुजफ्फरनगर में बाइक से पेट्रोल चुराने वाला गिरोह सक्रिय:रामलीला टिल्ला क्षेत्र में देर रात वारदात

मुज़फ्फरनगर। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र में बाइक से पेट्रोल चोरी करने वाले बदमाशों का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला रामलीला टिल्ला स्थित सैनी कॉलोनी का है, जहां बीती देर रात दो युवक खड़ी बाइक से पेट्रोल चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में ‘डर का माहौल’ है और लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार देर रात दो संदिग्ध युवक कॉलोनी में पहुंचे और एक मकान के बाहर खड़ी बाइक को निशाना बनाया। दोनों युवकों ने बड़े आराम से बाइक से पेट्रोल निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास किसी व्यक्ति की आहट होने पर दोनों आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। हालांकि उनकी पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

सुबह जब बाइक स्वामी और स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद कॉलोनी में लोगों के बीच सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में संदिग्ध युवकों की आवाजाही बढ़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि बाइक से पेट्रोल चोरी करने वाला कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो रात के समय सुनसान इलाकों में खड़े वाहनों को निशाना बना रहा है।

घटना की सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान की जा सके।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।