अगर आप बिहार और राजस्थान के बीच अक्सर सफर करते हैं तो ये खबर आपके लिए काफी ज्यादा जरूरी हो सकती है. आज यानी 21 जून को जयपुर के खातीपुरा और बिहार के दरभंगा के बीच नई नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है. इसकी मदद से यात्रियों के लिए सफर करना काफी ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगा. खास बात ये है कि ये ट्रेन यूपी के कुछ जिलों से भी होकर गुजरेगी, जिससे बिहार, यूपी और राजस्थान के बीच कनेक्टिविटी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो जाएगी. आइए जानते हैं इसका रूट, टाइमिंग समेत जरूरी डिटेल्स…
क्या है उद्घाटन ट्रेन की टाइमिंग?
खातीपुरा (जयपुर) और दरभंगा के बीच आज यानी 21 जून को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा. इस ट्रेन का नंबर 09711 होगा. साथ ही ये शाम को 4 बजे जयपुर के खातीपुरा से रवाना होगी और कल यानी 22 जून को शाम 6 बजकर 55 मिनट पर दरभंगा पहुंचेगी. पूरे सफर के दौरान ये ट्रेन दौसा, बांदीकुई, मंडावर एम रोड, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढी, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशन पर रुकेगी.
कल से दिनांक 21/06/2026 ट्रेन संख्या 19725/19726 खाटीपुरा(जयपुर)–दरभंगा–खाटीपुरा (जयपुर) अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसका ठहराव गोण्डा जंक्शन पर भी होगा।
22 जून से होगा नियमित संचालन
खातीपुरा-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन 22 जून से शुरू होगा. ट्रेन नंबर 19725 खातीपुरा से दरभंगा, 22 जून से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी. वहीं, ट्रेन नंबर 19726 दरभंगा से खातीपुरा का नियमित परिचालन 23 जून से रविवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन होगा.