जयपुर। जयपुर में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। 25 फीट ऊंची दीवार के पास सड़क किनारे उसका शव पड़ा मिला। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को एसएमएस (SMS) हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब 25 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण उसकी मौत हुई है।
थानाधिकारी (SHO) मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के वैशाली निवासी अरविंद कुमार ठाकुर (45) के रूप में हुई है। वह ब्रह्मपुरी इलाके में रहकर मजदूरी करता था और नशा करने का आदी था। रविवार को वह मजदूरी करने गया था, जिसके बाद वापस घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह करीब 7 बजे मानबाग चौराहा स्थित सुंदर नर्सरी के पास सड़क किनारे उसका शव मिला।
एक राहगीर से सूचना मिलने पर जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका-मुआयना कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का अनुमान है कि मानबाग चौराहे से ऊपर चढ़ते समय रात के अंधेरे में अरविंद को रास्ता नजर नहीं आया और वह 25 फीट ऊंची दीवार से नीचे गिर गया। नीचे पड़े पत्थरों पर गिरने से आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।