IMD Monsoon Update: तेज गर्मी से तप रहे उत्तर भारत को अब दक्षिण-पश्चिम मानसून का बेसब्री से इंतजार है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसे लेकर गुड न्यूज दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 23 जून को भारत के कई हिस्सों में मानून आगे बढ़ने वाला है. इसकी वजह से देश के पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं मध्य और उत्तरी भारत के कुछ इलाकों में अभी भी लू का प्रकोप जारी रहेगा. उन्हें बारिश का दौर शुरू होने के लिए कुछ और दिनों का इंतजार करना पड़ेगा.
मानसून ने उत्तर भारत की ओर बढ़ाए कदम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ने 22 जून को मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में प्रगति की है. अनुमान है कि मुंबई समेत महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बचे हुए क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के अंदर मानसून पहुंच सकता है. इसके बाद वहां पर भारी बारिश शुरू हो सकती है. इसे लेकर मौसमी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
इस सप्ताह कई राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल
IMD की रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि तेलंगाना में इस सप्ताह व्यापक बारिश हो सकती है. वहीं बिहार, झारखंड, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. इसके साथ ही इन राज्यों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो आज यानी 23 जून को आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. आज दिन का अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री के करीब रहेगा. इसकी वजह से लू के थपेड़ों में कुछ कमी आएगी, हालांकि पूरी राहत अभी नहीं मिलेगी. मौसम में नमी होने की वजह से लोगों को गर्मी और उमस महसूस होगी.