स्पेसएक्स का आइपीओ और इसके शेयर ने जिस एलन मस्क को अरबपति से खरबपति बना दिया, अब वह लगातार झटके पर झटका दे रहा है। सोमवार को एलन मस्क ने वॉरेन बफेट की जीवनभर की कमाई (146 अरब डॉलर) से अधिक 24 घंटे में गंवा दी। मस्क के अलावा सोमवार को दौलत गंवाने वाले अरबपतियों में कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनकी कंपनियों के भी शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है।
सोमवार को ही लैरी पेज ने 14.4 अरब, सर्गेई ब्रिन ने 13.2 अरब, जेफ बेजोस ने 10.1 अरब, लैरी एलिसन ने 8.46 अरब, जुकरबर्ग ने 4.56 और बर्नार्ड अर्नाल्ट 6.95 अरब डॉलर गंवाए।
एलन मस्क की दौलत में क्यों आई गिरावट
स्पेसएक्स के शेयरों में सोमवार को गिरावट का ऐसा तूफान आया कि वह 16.43% लुढ़क कर 154.60 डॉलर पर बंद हुआ। मस्क के पास SpaceX के लगभग 4.76 अरब शेयर हैं। इसकी वजह से इनके नेटवर्थ में 152 अरब डॉलर (14.38 लाख करोड़ रुपये) की गिरावट देखने को मिली।
गिरावट जारी रही तो खरबपति से अरबपति हो जाएंगे
एलन मस्क अभी भी खरबपति बने हुए हैं। इतनी गिरावट के बावजूद उनका नेटवर्थ 1.08 ट्रिलियन डॉलर है। दुनिया के दूसरे अन्य अरबपति आज इनकी दौलत के सामने बौने हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में दूसरे नंबर पर काबिज लैरी पेज का नेटवर्थ मस्क की कुल दौलत के एक तिहाई से भी कम है। हालांकि, स्पेसएक्स के शेयर अगर एक बार और झटका दिए तो आने वाले एक-दो दिन में मस्क खरबपति से अरबपति हो जाएंगे।
मस्क अब भी इन देशों से हैं अमीर
मस्क अब भी ताईवान (976.72 अरब डॉलर) आयरलैंड (779.38 अरब डॉलर), बेल्जियम (776.73 अरब डॉलर), स्वीडन (760.48 अरब डॉलर), इजरायल (719.85 अरब डॉलर), अर्जेंटीना (688.38 अरब डॉलर) जैसे देशों से भी अमीर हैं। उनका कुल नेटवर्थ इन देशों की जीडीपी से भी अधिक है।
भारत की GDP के मुकाबले कितनी है मस्क की संपत्ति: भारत की GDP लगभग 4.15 ट्रिलियन डॉलर आंकी जाती है। यानी अकेले मस्क की संपत्ति भारत की पूरी अर्थव्यवस्था के लगभग एक-चौथाई के बराबर है।
आखिर कितना बड़ा है 1 ट्रिलियन डॉलर?
1 ट्रिलियन डॉलर की रकम इतनी बड़ी है कि इसकी तुलना कई देशों की पूरी अर्थव्यवस्था (GDP) से की जा रही है। दुनिया में केवल लगभग 20-25 देशों की GDP ही 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक है। इसका मतलब है कि मस्क की व्यक्तिगत संपत्ति दुनिया के 170 से ज्यादा देशों की सालाना अर्थव्यवस्था से बड़ी है।
पाकिस्तान से कितने गुना अमीर हैं मस्क?
पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था करीब 400 अरब डॉलर के आसपास मानी जाती है। ऐसे में 1.08 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति वाले मस्क सैद्धांतिक रूप से पाकिस्तान जैसी अर्थव्यवस्था को लगभग दो बार खरीदने के बाद भी सैकड़ों अरब डॉलर बचा सकते हैं।