भोपाल। अंबाह थाना क्षेत्र के किशनपुरा बंबा के पास सोमवार की देर रात तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इलाज के दौरान तीन बाइक सवारों की जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
सफारी गाड़ी ने पीछे से मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार पलना गांव निवासी रामहेत छारी उम्र 55 साल, पुष्पेन्द्र उर्फ बल्लू राजावत उम्र 55 साल, कुम्हेर सिंह उम्र 60साल तीनों ही अंबाह में शादी समारोह में खाना खाकर बल्लू उर्फ पुष्पेंद्र राजावत को मुख्य हाईवे पर बने मकान तक छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही किशनपुरा बंबा के पास बल्लू उर्फ पुष्पेंद्र राजावत के घर के सामने ही बाइक धीमी की, इतने में ही अंबाह से पोरसा की तरफ जा रही तेज रफ्तार सफारी गाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे तीनों गंभीर घायल हो गए। तीनों को अंबाह अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल मुरैना रेफर किया, जहां पर तीनों ने एक एक करके दम तोड़ दिया। हाइवे पर भीड़ जमा हो गई और जाम भी लग गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई, सफारी गाड़ी को जब्त कर, जाम खुलवाया।