UP Monsoon Rain Alert News : उत्तर प्रदेश में गर्मी और उमस के बीच सभी को इंतजार है मौसम के जल्द बदलने और झमाझम बरसात का. अब यूपी के मौसम में बदलाव के संकेत साफ दिखाई देने लगे हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 23 जून तक दक्षिण पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा अरब सागर से होते हुए मध्य भारत और बिहार के मोतिहारी क्षेत्र तक पहुंच चुकी है. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. ऐसे में 24 जून को प्रदेश के मौसम पर मानसून की बढ़ती सक्रियता का असर देखने को मिल सकता है. हालांकि पूरे प्रदेश में एक साथ मानसूनी बारिश शुरू होने की संभावना नहीं है, लेकिन कई जिलों में बादल, तेज हवाएं, गरज चमक और छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है.
पूर्वी यूपी में सबसे पहले दिख सकता है मानसून का असर
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून (Monsoon 2026) की वर्तमान स्थिति को देखते बिहार से सटे यूपी के जिलों में नमी बढ़ने और बादलों की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, बलिया, मऊ, गाजीपुर और वाराणसी के आसपास के इलाकों में दिन भर बादल छाए रह सकते हैं. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका भी बनी रहेगी.
लखनऊ और मध्य यूपी में प्री मानसून गतिविधियां
लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, हरदोई, सीतापुर और आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है. दिन के वक्त वहां उमस बनी रह सकती है, लेकिन दोपहर बाद या शाम के समय बादल आने की संभावना है. कहीं कहीं तेज हवा के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज हो सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
वहीं, अगर पश्चिमी यूपी की बात करें तो यहां इंतजार करना होगा. मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अलीगढ़ और आसपास के जिलों में अभी मानसून की सीधी एंट्री की संभावना कम है. हालांकि यहां भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा. बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. उमस का स्तर अपेक्षाकृत अधिक बना रह सकता है.
बुंदेलखंड में राहत के संकेत
झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर जैसे जिलों में भी बादल बनने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इससे लंबे समय से पड़ रही गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. मानसून के आगे बढ़ने के दौरान बनने वाले बादल कई जगह तेज गर्जना और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है. लिहाजा, खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है. किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखनी चाहिए.
यूपी में मानसून कब पहुंच सकता है?
आईएमडी की तरफ से जारी मानसून (Monsoon 2026) चार्ट की मौजूदा प्रोग्रेस को देखते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री अगले कुछ दिनों में हो सकती है. इसके बाद धीरे धीरे यह मध्य उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा. पश्चिमी यूपी तक मानसून पहुंचने में अभी कुछ और दिन लग सकते हैं. हालांकि मानसून की गति पूरी तरह समुद्री हवाओं, नमी और ऊपरी वायुमंडलीय परिस्थितियों पर निर्भर करती है, इसलिए अंतिम स्थिति मौसम विभाग के अगले अपडेट से ही स्पष्ट होगी.