भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना। मुंबई में अंधेरी सब-वे में पानी भर गया। इसे अस्थाई रूप से बंद किया गया है। विक्रोली वेस्ट में रिहायशी इमारत के पास बनी रिटेनिंग वॉल गिर गई। कई इलाकों में पेड़ उखड़े, जिसकी चपेट में आने से कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। मौसम विभाग ने आज मुंबई और पालघर में बारिश का रेड और ठाणे-रायगढ़-सिंधुदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इधर, देश के 7 राज्यों मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश जारी है। MP के 17 जिलों में मंगलवार को प्री-मानसून बारिश रही। मंगलवार को बिहार में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम मानसून तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया है। अगले 2-3 दिनों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात में पहुंच सकता है।
7 राज्यों में गर्मी का असर, पारा 40°C पार
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात के कई शहरों में बुधवार को पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.3°C दर्ज किया गया।
वहीं बिहार के बौधगया में 40.8°C, राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में 40.8°C, झारखंड के डाल्टनगंज में 41.2°C, गुजरात के राजकोट में 40.5°C और एमपी के खजुराहो 40.4°C रहा।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल 25 जून:
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मानसून के कारण सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश होगी।
आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड, ओडिशा में भी तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लगातार तीसरे दिन हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
26 जून:
असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल व सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी।
सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट है।
आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा में भी तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लगातार चौथे दिन हीटवेव का अलर्ट जारी है।
राज्यों के मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश: 2 दिन में मानसून की एंट्री, बालाघाट-रायसेन समेत 15 जिलों में आंधी-बारिश हुई
मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन के अंदर मानसून की एंट्री हो सकती है। वहीं, मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। इनमें धार, पांढुर्ना, नर्मदापुरम, इंदौर, खरगोन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, जबलपुर समेत, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, खरगोन, बड़वानी समेत 15 जिलों में बारिश हुई। बालाघाट में 38.1mm और रायसेन में 19mm बारिश हुई।
उत्तर प्रदेश: लखनऊ समेत 16 जिलों में आज बारिश और 38 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत 16 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी यूपी के जिलों में तेज धूप का असर है, जिसके चलते आज 38 जिलों में हीटवेव की चेतावनी है। राज्य का बांदा 43.8°C तापमान के साथ देश में सबसे ज्यादा गर्म रहा।
राजस्थान: जयपुर समेत 20 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, ओलावृष्टि की आशंका; तापमान में गिरावट
राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश मंगलवार को भी जारी रही। बीकानेर, कोटा संभाग में कई स्थानों पर बारिश हुई। जयपुर में भी हल्की बारिश रही। आज और कल जयपुर समेत 20 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है।