मुजफ्फरनगर में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के नेतृत्व में तितावी थाना पुलिस और एसओजी देहात टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फैक्ट्री से 12 श्रमिकों को मुक्त कराया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि विभिन्न राज्यों के श्रमिकों को नौकरी, अच्छे वेतन, भोजन और रहने की सुविधा का लालच देकर फैक्ट्री में लाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उन्हें बंधुआ मजदूर बनाकर रखा गया और उनकी स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
पीड़ितों के अनुसार उनसे लगातार काम कराया जाता था। भोजन के नाम पर दिन में केवल एक बार सूखी रोटी दी जाती थी। वेतन मांगने या फैक्ट्री से बाहर जाने की बात करने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी और डराया-धमकाया जाता था। सूचना मिलने पर तितावी पुलिस और एसओजी देहात टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री पर छापा मारा और 12 श्रमिकों को मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।