मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंगलवार रात मोहर्रम का जुलूस निकाला गया था. यह जुलूस मोती महल से चलकर खालापार होता हुआ शिव चौक की ओर से गुजरा था. जिसके चलते पुलिस प्रशासन द्वारा शिव चौक को लाल कपड़े से कवर कराया गया था, ताकि कोई भी किसी तरह की खुरापात ना कर सके. इस दौरान आलाधिकारियों ने खुद सड़क पर उतरकर भारी पुलिस फोर्स के साथ मोर्चा संभाला हुआ था.
दरअसल मोहर्रम के इस जुलूस में सैकड़ों मुस्लिम समाज के लोगों ने हिस्सा लिया था. जिसके चलते ये जुलूस अपने तय रूट शिव चौक से होता हुआ शांतिपूर्ण तरीके से आगे की ओर निकल गया. आपको बता दे कि हिंदू आस्था का प्रतीक माने जाने वाले नगर के इस शिव चौक को मोहर्रम जुलूस के दौरान अति संवेदनशील माना जाता है. जिसके चलते शिव चौक को काल कपड़े से कवर कराकर चारों तरफ से बैरिकेडिंग कर एक्स्ट्रा फोर्स की तैनाती की गई थी.
एएसपी ने क्या कहा?
एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि यह शहर का प्रमुख जुलूस है, जो मोती महल से शुरू होकर खालापार होते हुए वापस मोती महल पहुंचता है. जुलूस के पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे. उन्होंने बताया कि मार्ग में पड़ने वाले मंदिर पर लाल कपड़ा लगाया गया था और बैरिकेडिंग भी कराई गई थी.
प्रशासन ने सभी समुदायों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए. पुलिस की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. प्रशासन पूरे आयोजन के दौरान लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा.