‘हैक’ हो सकता है Samsung फोन, खुद सरकार ने दिया ALERT, खतरे में करोड़ों यूजर्स

अगर आप भी Samsung का स्मार्टफोन चला रहे हैं, तो सतर्क हो जाइए। सैमसंग के करोड़ों ग्राहकों पर हैकिंग का खतरा मंडरा रहा है। खुद सरकार ने लोगों को गंभीर सुरक्षा खामी के बारे में चेतावनी दी है। एक रिपोर्ट के अनुसार, सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी, इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने सैमसंग के नॉक्स सिक्योरिटी फ्रेमवर्क में सुरक्षा खामी के संबंध में एक उच्च-गंभीर चेतावनी जारी की है। Samsung Knox, गैलेक्सी स्मार्टफोन और टैबलेट में पहले से मौजूद एक सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म है, जो डिवाइस, ऐप्स और संवेदनशील डेटा को साइबर खतरों से बचाने में मदद करता है।

इस वर्जन पर चल रहे फोन खतरे में एडवाइजरी के अनुसार, यह सुरक्षा खामी उन Samsung डिवाइस पर असर डालती है जिनमें Android 13, Android 14, Android 15 और Android 16 वर्जन चल रहे हैं और जो जनवरी 2026 के सिक्योरिटी मेंटेनेंस रिलीज (SMR Jan-2026 Release 1) से पहले रिलीज हुए हैं। सुरक्षा खामी सैमसंग नॉक्स कंपोनेंट में एक बग के कारण हो रही है जिसे PROCA ड्राइवर कहा जाता है।

CERT-In की वेबसाइट पर पब्लिश रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर इस खामी का फायदा उठाया जाता है, तो हैकर्स इसका इस्तेमाल करके मलिशियस कोड चला सकते हैं, सिक्योरिटी प्रोटेक्शन्स को बायपास कर सकते हैं या फोन का अनऑथराइज्ड एक्सेस हासिल कर सकते हैं। यानी फोन हाईजैक करके उसका पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले सकते हैं।

सरकार ने खामी को बताया ‘बेहद ’ सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने इस समस्या को ‘हाई सीवियरिटी’ (गंभीर) कैटेगरी में रखा है और कहा है कि इससे फोन के साथ छेड़छाड़, सुरक्षा व्यवस्था को बायपास करने और डेटा तक अनऑथराइज्ड एक्सेस जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

हालांकि इस खामी का फायदा उठाने के लिए टारगेट किए गए डिवाइस तक लोकल एक्सेस की जरूरत होती है, फिर भी यूजर्स को सलाह दी जाती है कि वे जल्द से जल्द लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट्स इंस्टॉल कर लें। हालांकि, सैमसंग ने सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया है कि दुनियाभर में या भारत में कितने यूजर्स या डिवाइस इस खामी से प्रभावित हो सकते हैं।