नालंदा: बिहार के नालंदा निवासी और दिल्ली जदयू के प्रदेश महासचिव नीतीश कुमार के पिता भूषण सिंह की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. यह वारदात पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत भदौर थाना क्षेत्र में घटित हुई है. वह मूल रूप से नालंदा के गोविंदपुर गांव के निवासी थे और वर्तमान में यहां रहकर खेती करते थे.
भूषण सिंह का शव बरामद:नीतीश कुमार के अनुसार उनके पिता भूषण सिंह रोजाना की तरह गुरुवार शाम दूध सेंटर पर दूध देने गए थे. रात नौ बजे तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. उनका फोन भी रिसीव नहीं हो रहा था. इसके बाद दिल्ली जा रहे पुत्र नीतीश कुमार ने गांव के कुछ लड़कों को भेजा, जिन्होंने बरूआने गड्ढ़े में भूषण सिंह का शव बरामद किया.
गला घोंटने और गोली मारने का दावा:पुत्र के मुताबिक भूषण सिंह के शरीर पर गोली के निशान पाए गए हैं और उनके गले में गमछे का फंदा लगा हुआ था. हत्यारों ने हत्या करने के बाद शव को घसीटकर गड्ढे में फेंक दिया था. इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है.
जदयू नेता के पिता की हत्या
दबंगों द्वारा रंगदारी का आरोप: मृतक के पुत्र नीतीश कुमार ने गांव के ही कुछ स्थानीय दबंगों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जब से उन्होंने यहां नया घर बनाया है और जमीन खरीदी है, तब से गांव के लोग उनसे जलन कर रहे थे. कई बार परिवार पर हमला किया गया है.
“किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी, बल्कि गांव के कुछ लोग उनकी तरक्की से जलते थे. घर बनाने को लेकर पड़ोसियों ने कई बार विवाद किया था, घर पर ईंट-पत्थर चलाए थे और मां के साथ मारपीट भी की थी. पानी सप्लाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.”-नीतीश कुमार, मृतक के पुत्र
पीड़ित परिवार का गांव छोड़ने का फैसला:भूषण सिंह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और चार बेटियों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं. घर के मुखिया की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका. सुरक्षा और डर के माहौल को देखते हुए जदयू नेता पुत्र नीतीश कुमार ने ऐलान किया है कि अब वे इस गांव को हमेशा के लिए छोड़ देंगे.
जदयू नेता के घर पहुंची पुलिस
छानबीन में जुटी पुलिस: इधर, घटना की सूचना पाकर भदौर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेज दिया है. मामले की जांच कर रहे एसआई रामनंदन रमन ने बताया कि रात करीब 10.30 बजे सूचना मिली थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.
“जानकारी मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा.”-रामनंदन रमन, एसआई. भदौर थाना, पटना