कश्मीर के गुलमर्ग में भीषण विस्फोट, कई लोग घायल-इलाके में मचा हड़कंप

उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग के फॉरवर्ड एरिया में आशा पोस्ट के पास आज एक विस्फोट होने की घटना सामने आई। इस हादसे में एक नागरिक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार यह शेल कथित तौर पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इलाके में गिरा हुआ था, जो आज अचानक फट गया। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

फिलहाल इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सेना की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है और मामले की जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आने की बात कही गई है।

आतंकी हमलों पर भारत की जवाबी कार्रवाई
पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकियों की अंधाधुंध गोलीबारी में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय घोड़े वाले (पोनीवाला) समेत कुल 26 बेकसूर लोग मारे गए थे। इस क्रूर हमले का बदला लेने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों ने 7 मई, 2025 की सुबह ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। भारतीय सेना ने सीमा पार जाकर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे।

तीन दिन चला संघर्ष
इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तीन दिनों तक संघर्ष चला, जिसमें पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उसके कई सैन्य ठिकाने और हवाईअड्डे भी क्षतिग्रस्त हुए। इसके बाद, पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों ने भारत के सैन्य अभियान के महानिदेशक (डीजीएमओ) से हमले बंद करने की गुहर लगाई। पाकिस्तान के अनुरोध पर भारत ने 10 मई को अपना अभियान रोक दिया था। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया था कि अभियान सिर्फ स्थगित किया गया है और अगर सीमा पार से दोबारा कोई हिमाकत की गई तो इसे तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।