अगली बार तेजस्वी चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं करेंगे, बेगूसराय में गरजे अमित शाह

बेगूसराय : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को बिहार दौरे पर हैं। सुबह में उन्होंने रोहतास जिले के डेहरी और दोपहर में बेगूसराय में 20 मगध, शाहाबाद क्षेत्र समेत 20 जिलों के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। शाह ने पार्टी वर्कर्स को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया। उन्होंने ने केंद्र की मोदी सरकार और नीतीश सरकार के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि बिहार में विकास के कई काम हुए हैं। अमित शाह ने कहा कि 16 हजार करोड़ से गयाजी के डोभी में औद्योगिक प्लांट लगाया है। इसके बाद अमित शाह ने कहा कि लालू जी को मैं अभी देख रहा था। वो पूछ रहे थे कि मोदी जी आपने क्या किया। तो लालू जी आप 2024 का बजट उठा कर देख लीजिए तो उसमें बिहार ही बिहार हैं। अमित शाह ने कहा कि मोदी की सरकार में साल 2014 से 2024 में बिहार को 9 लाख 85 हजार करोड़ रुपया मिला। नीतीश कुमार की एनडीए सरकार ने 125 यूनिट बिजली फ्री कर दी। दिव्यागों को पेंशन बढ़ाया। आशा वर्कर का मानदेय बढ़ाया। रसोई, रात्रि प्रहरी औऱ शारीरिक शिक्षकों को लाभ दिया। डेहरी आने से पहले अमित शाह ने पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी।