India Cargo passed Hormuz: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम 10 दिन भी टिक नहीं पाया और दोनों देश एक-दूसरे पर फिर से मिसाइल दागने लगे. तेल और गैस सप्लाई के लिए दुनिया का सबसे अहम गलियारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से युद्ध का मैदान बन चुका है. टैंकरों पर निशाना बनाया जा रहा है, इन सब संकटों के बीच भारतीय जहाजों ने होर्मुज पार करने का मौका नहीं गंवाया और ताबड़तोड़ 9 टैंकरों ने होर्मुज स्ट्रेट को सफलता के साथ पार कर लिया.
होर्मुज में फिर से मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू हो गए हैं. ईरान ने हमले की शुरुआत की, जिसके बाद से अमेरिकी मिसाइलें ईरानी ठिकानों को निशाना बना रही है. तनावपूर्ण माहौल के बाद बीते 72 घंटों में 9 जहाजों ने होर्मुज को पार करने में सफलता हासिल की है, जिसमें से 7 जहाज भारतीय हैं.
होर्मुज को पार करने में जुटे भारतीय जहाज
आधिकारिक डेटा के मुताबिक होर्मुज पर तनाव बढ़ने के बावजूद भारतीय मालवाहक जहाजों की आवाजाही जारी है. पिछले 72 घंटों के भीतर 9 जहाजों ने इस संवेदनशील इलाके को पार किया है. जिसमें से 7 जहाज भारत आ रहे हैं. 9 में से 4 जहाजों पर भारतीय झंडा लगा है, जबकि 5 जहाज पर विदेशी झंडे लगे हैं. अमेरिका औरर ईरान के बीच 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद से इस रास्ते से सुरक्षित होकर गुजरने वाले भारतीय टैंकरों की संख्या अब तक 44 पहुंच चुकी है.
क्या लेकर आ रहे हैं भारतीय जहाज
जहां अब तक 44 जहाजों ने होर्मुज के संवेदनशील इलाके को पार कर लिया है, तो वहीं 15 जहाजों का बेड़ा फारस की खाड़ी में इंतजार कर रहा है.ये कार्गों होर्मुज से सुरक्षित निकासी का इंतजार कर रहे हैं. इन 15 जहाजों में से 10 पर भारतीय तिरंगा लगा है. जिसमें से 4 पर खाद, एक पर कच्चे तेल और गैस लदा हुआ है. इसी बीच शनिवार, 27 जून को बल्क कैरियर AJP Priti 2 ने होर्मुज को पार किया है, जिसपर 65000 टन खाद लदा है. वहीं 18,732 टन माल लेकर प्रभु पार्वती जहाज ने भी शुक्रवार को होर्मुज को पार किया. Ship Trackers के डेटा के मुताबिक होर्मुज पार करने वाले भारतीय टैंकरों में युद्ध शुरू होने के बाद से 44 टैंकर होर्मुज को पार कर चुके हैं, जिसमें से 15 बल्क कैरियर, 13 LPG कैरियर, 11 क्रूड ऑयल कैरियर और 2 LNG कैरियर शामिल हैं.