भारत की 0-2 से शर्मनाक शिकस्त, कप्तान श्रेयस अय्यर ने इन पर फोड़ दिया हार का ठीकरा

टीम इंडिया रविवार को आयरलैंड जैसी छोटी टीम के खिलाफ उलटफेर का शिकार हो गई. टीम इंडिया ने बेलफास्ट में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को महज 1 रन के अंतर से गंवा दिया. इसी के साथ भारत को टी20 इतिहास में पहली बार आयरलैंड के खिलाफ सीरीज गंवानी पड़ी. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए. इसके जवाब में भारत निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 153 रन ही बना सका.

भारत को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. बतौर कप्तान अपनी पहली ही सीरीज गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर ने माना कि हालात के मुताबिक ढलने के मामले में आयरलैंड ने उनकी टीम को पूरी तरह से पीछे छोड़ दिया. उन्होंने कहा कि मेजबान टीम का खेलने का तरीका बहुत पेशेवर था और वे हालात को समझने और उसी के अनुसार खेलने में बहुत स्पष्ट थे.

भारत की 0-2 से शर्मनाक शिकस्त
रविवार को सिविल क्रिकेट क्लब में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए. इसके जवाब में भारत 153/9 का स्कोर ही बना सका. इसी के साथ मेजबान टीम ने 1 रन से मुकाबला अपने नाम करते हुए पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ टी20 सीरीज जीती.

कप्तान श्रेयस अय्यर ने इन पर फोड़ दिया हार का ठीकरा
निर्णायक मुकाबला गंवाने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, ‘मुझे लगता है कि गेंदबाजों ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन हमारी बल्लेबाजी थोड़ी कमजोर रही. हम पिच के बर्ताव को समझने और सिंगल्स को डबल्स में बदलने के मामले में थोड़े पीछे रह गए. मुझे लगता है कि उस मामले में उन्होंने निश्चित रूप से हमें पीछे छोड़ दिया.’

आयरलैंड ने पेशेवर रवैया दिखाया
श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘यह सीरीज बहुत अच्छी नहीं रही, लेकिन उनकी (आयरलैंड) तारीफ करनी होगी कि उन्होंने कैसा खेल दिखाया. मुझे लगता है कि उन्होंने पेशेवर रवैया दिखाया और उन्हें पिच के बर्ताव के बारे में बहुत अच्छी समझ थी, साथ ही उनकी फील्डिंग भी शानदार थी, इसलिए उन्हें शानदार जीत के लिए बधाई.’

‘प्रिंस यादव के पास आईपीएल का अच्छा अनुभव’
डेब्यूटेंट तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे के बारे में श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘प्रिंस यादव के पास आईपीएल का अच्छा अनुभव है और वह उसी लय को यहां भी लेकर आए हैं. जब गेंदबाजी की बात आती है तो उनके पास अपने विचार और योजनाएं होती हैं. वे निश्चित रूप से इससे सीखेंगे.’

भारत को 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ खेलनी है सीरीज
आयरलैंड के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद भारत अब 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेगा. पहला मैच डरहम में आयोजित होगा, जिसके बाद टीम अपने बाकी मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड (4 जुलाई), नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज (7 जुलाई), ब्रिस्टल के सीट यूनिक स्टेडियम (9 जुलाई) और साउथेम्प्टन के रोज बाउल (11 जुलाई) में खेलेगी.